झारखंड की आवाज

- Page 52 of 159 -

Palamu News। सड़क दुर्घटना में सैप जवान की मौत

1004347483

पलामू // जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना के पोखराहा में मंगलवार अहले सुबह सड़क दुर्घटना में स्पेशल ऑक्जीलियरी पुलिस (सैप) जवान मनोज पांडेय की मौत हो गई। वह इसी प्रखंड के बड़कागांव के रहने वाले थे।

बताया जाता है कि फौज से रिटायरमेंट के बाद वह सैप जवान के तौर पर झारखंड विधानसभा में अपनी सेवा दे रहे थे।

1004347483

जानकारी के अनुसार गांव में आयोजित होलिका दहन के अवसर पर अखंड कीर्तन में शामिल होकर मेदिनीनगर लौट रहे थे। पांकी- मेदिनीनगर मुख्य पथ पर पोखराहा मेडिकल चौक के समीप हादसा हो गया।आशंका जताई जा रही है कि वहां बने नए ब्रेकर पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह अपने बुलेट वाहन के साथ गिर पड़े।

सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

अपने बुलेट वाहन से गिरने से हुए घायल

इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

मृतक अपने पीछे दो बेटी और दो बेटे छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे ओर शोक संवेदना व्यक्त की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

गूगल विज्ञापन के जरिए ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

IMG 20260303 093119

दुमका // पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में मसलिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ग्राम-खुुटोजोरी बाराटोला के सुनसान डंगाल क्षेत्र से एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य भागने में सफल रहे।

Kuku TV’ के सस्ते रिचार्ज के नाम पर ठगी

गिरफ्तार अभियुक्त ममताज अंसारी के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह गिरोह Google Ads का सहारा लेकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। अपराधी गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर के विज्ञापन चलाते थे, जिसमें ‘Kuku TV’ के सस्ते रिचार्ज या ‘Google Pay/PhonePe’ से कटे हुए पैसे रिफंड कराने का झांसा दिया जाता था।

कैसे करता था ठगी

जैसे ही कोई पीड़ित इन नंबरों पर कॉल करता, अपराधी उन्हें ‘Customer Care Support APK File’ इंस्टॉल करने का झांसा देते थे। इस फाइल के जरिए तकनीक का उपयोग कर अपराधी पीड़ित के मोबाइल का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले लेते थे और पलक झपकते ही बैंक खातों से पैसे साफ कर देते थे।

जांच में यह भी पाया गया कि ठगी के दौरान वीडियो कॉल आने पर अपनी पहचान छिपाने के लिए अपराधी मोबाइल के फ्रंट कैमरे पर सफेद कागज चिपका देते थे, ताकि उनका चेहरा दिखाई न दे। इनके मोबाइल से कई आपत्तिजनक ऐप्स, गेमिंग लिंक्स और क्लोनिंग फाइल्स भी बरामद की गई हैं।

  • अभियुक्त ममताज अंसारी, पिता- जुमरत अंसारी के पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन जप्त किया गया है।

वही मसलिया थाना कांड सं. 12/26, BNS की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) एवं IT एक्ट की धारा 66(C)/66(D)के तहत प्राथमिक दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में दुमका भेज दिया गया।
पुलिस फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

अपराधियों ने बैंक में डकैती के लिए गार्ड पर की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

IMG 20260303 072218

गोड्डा // बैंक ऑफ़ इंडिया की केंचुआ चौक, महागामा शाखा में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने डकैती का प्रयास किया गया। हालांकि बैंक के निजी सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।

सुरक्षा गार्ड ने हेलमेट हटाने को कहा, जिस पर उलझ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना लगभग सुबह 11.30 बजे की है। हेलमेट और मास्क पहने करीब पांच से छह अपराधी बैंक परिसर में पहुंचे। एक व्यक्ति हेलमेट पहनकर बैंक के अंदर प्रवेश किया। गेट पर तैनात निजी सुरक्षा गार्ड विनोद सिंह ने उससे हेलमेट हटाने को कहा, जिस पर वह उलझ गया। देखते ही देखते दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान अपराधी ने गार्ड पर गोली चला दी, जो उनके बाएं कंधे में जा लगी। गोली लगते ही गार्ड जमीन पर गिर पड़े।

बेहतर इलाज के लिए घायल को एम्स देवघर भेजा गया

गोली चलने की आवाज से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। स्थिति बिगड़ती देख अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे और घायल गार्ड को तत्काल रेफरल अस्पताल, महागामा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक्स-रे जांच कराई, जिसमें गोली बाएं कंधे में फंसी पाई गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर स्थित एम्स देवघर रेफर किया गया।

पांच अपराधी हथियार के साथ आए थे

पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। फुटेज में पांच अपराधी दिखाई दे रहे हैं, जिनके पास हथियार थे। वे घटना के बाद बाइक से बसुआ चौक की ओर भागते नजर आए। घटनास्थल से दो खोखा और एक चप्पल बरामद किया गया है।

पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मारपीट मामले में 12 गिरफ्तार, हथियार सहित अन्य सामान जब्त

IMG 20260303 025342

रांची // मारपीट मामले में विधानसभा थाना पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को बताया कि विधानसभा थाना को सूचना प्राप्त हुआ कि ग्राम नयासराय में लड़ाई-झगड़ा हो रहा है।

सूचना का सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए थाना प्रभारी अन्य पदाधिकारी और जवानों के साथ ग्राम नयासराय पहुंचे तो कुछ अपराधिक प्रवृति के लोगों की ओर से जाकिर अंसारी और उनके पुत्र के साथ मारपीट की जा रहा थी। इसमें पीड़ित के पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गये है, जिसका ईलाज एस्टॉन हॉस्पीटल दलादली में चल रहा है।

30 नामजद एवं 10-15 अज्ञात के विरूद्ध मामला दर्ज

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से तत्परता दिखाते हुए टीम गठित कर उक्त घटना में शामिल 12 आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है और जख्मी अरूण खलखो, अजय तिर्की हॉस्पीटल में ईलाजरत है और घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहनों को विधिवत बरामद किया गया है, जिसके बाद वादी जाकिर अंसारी के आवेदन के आधार पर 30 नामजद एवं 10-15 अज्ञात अपराधकर्मियों के विरूद्ध विधानसभा थाना में मामला दर्ज कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों में शामिल लोग

छोटू खलखो, कुलदीप खलखो, बबलू कुजूर, शुभम प्रजापती उर्फ मित्तल प्रजापती, कमलेश महली, चंदन टोप्पो, राज किशोर उरांव, प्रदीप लोहार, सुमित कुमार सिंह, मुकेश कुमार, रवि कुमार और दिलजन मुंडा शामिल थे। इनके पास से एक फोल्डेबल राईफल 3.15 बोर, एक देशी पिस्टल, पांच जिन्दा कारतूस, एक खाली मैगजीन, दो स्कार्पिंयों, एक फॉर्च्यूनर, एक बुलैट मोटरसाईकिल और 12 मोबाईल बरामद किया गया है।

विधानसभा के समक्ष धरना देगा पान–तांती–स्वांसी समाज

1004342522

पान–तांती–स्वांसी समाज का वार्षिक मिलन समारोह में एकजुटता एवं शिक्षा पर जोर

खूंटी // खूंटी के डोड़मा स्थित बिरसा शिशु विद्या मंदिर, आम बागान परिसर में सोमवार को दक्षिणी छोटानागपुर पान तांती स्वांसी समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में पान–तांती–स्वांसी समाज का वार्षिक मिलन समारोह आयोजित किया गया।

आनंद पांड़ की मूर्ति स्थापना समाज के लिए ऐतिहासिक पहल

समारोह में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला–खरसावां, रांची, खूंटी तथा सिमडेगा जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में धरती आबा बिरसा मुंडा के गुरु आनंद पांड़ के वंशज सहदेव स्वांसी की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। वक्ताओं ने हाल ही में गौरबेड़ा गांव में आनंद पांड़ की मूर्ति स्थापना को समाज के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।

तीन दिवसीय धरना आयोजित करने की तैयारी का आह्वान किया

समारोह को संबोधित करते हुए संस्थापक उमाकांत दास ने समाज की संवैधानिक मांगों के समर्थन में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान तीन दिवसीय धरना आयोजित करने की तैयारी का आह्वान किया। केंद्रीय संगठन सचिव जितेंद्र दास ने शिक्षा को समाज के समग्र विकास की पहली शर्त बताते हुए आपसी एकजुटता पर बल दिया। वहीं केंद्रीय अध्यक्ष मोतीलाल दास ने मतभेद भुलाकर संगठित होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

1004342522

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनंत तांती ने किया, जबकि अध्यक्ष बिशुन तांती ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह के समापन की घोषणा की।

आयोजन को सफल बनाने में दक्षिणी छोटानागपुर पान-तांती-स्वासी समाज, खूंटी के लखीचरण तांती, विशाल तांती, गहनू तांती, सोमरा तांती, श्यामचरण तांती, दीपक तांती, जीतवाहन तांती सहित कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। समारोह में कोल्हान प्रमंडल पान (तांती) समाज कल्याण समिति और स्वांसी उत्थान समिति, खूंटी के पदाधिकारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री से देवघर नगर निगम के महापौर ने की मुलाकात

चतरा नगर परिषद के अध्यक्ष और सरायकेला नगर परिषद अध्यक्ष ने सीएम से की मुलाकात

रांची // झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विभिन्न नगर निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की।

1004343218
देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत जेएमएम देवघर जिला अध्यक्ष संजय शर्मा

सबसे पहले चतरा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू खान तथा सरायकेला नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

शहरी विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई

इसके बाद देवघर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर रवि राउत तथा चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने भी मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें भी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान मंत्री हाफिजूल हसन भी उपस्थित थे। मुलाकात के दौरान राज्य में शहरी विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

रांची में मुख्यमंत्री से मिलीं मानगो की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता

1004343138 scaled

रांची // जमशदपुर के मानगो नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर सुधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को पुष्पगुच्छ भेंट कर मानगो की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। प्रचंड जीत के बाद विधायक कल्पना सोरेन ने सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता का मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं।

1004343138

सुधा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि यह जीत मानगो की जागरूक जनता, माताओं-बहनों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के विश्वास एवं समर्थन की जीत है।

हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुधा गुप्ता को जीत की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगर निकायों के सशक्तिकरण और शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मानगो के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सीएम ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया

मुलाकात के दौरान सुधा गुप्ता ने मानगो क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं-पेयजल संकट और कचरा निस्तारण सहित अन्य विकास योजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और शीघ्र क्रियान्वयन के लिए सहयोग का आग्रह किया। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ, समृद्ध और विकसित मानगो का निर्माण ही लक्ष्य है और राज्य सरकार के मार्गदर्शन में तेजी से कार्य किया जाएगा। अंत में सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत जिम्मेदारी और सेवा का अवसर है तथा वे मानगो की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।

आजीवन कारावास की सजा काट रहे 23 कैदियों की होगी रिहाई

1004342966 1 scaled

राँची // झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण परिषद की 36वीं बैठक मंगलवार को हुई। इस बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे 23 कैदियों को रिहा किए जाने से पर सहमति बनी।

34 कैदियों के रिहाई प्रस्ताव पर बिंदुवार गहन विचार‑विमर्श किया

बैठक में राज्य सजा पुनरीक्षण परिषद द्वारा अनुशंसित नए मामलों के साथ‑साथ पिछली बैठकों में रिहाई से संबंधित अस्वीकृत किए गए 34 मामलों की भी गहन समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आजीवन सजा काट रहे 34 कैदियों के रिहाई प्रस्ताव पर बिंदुवार गहन विचार‑विमर्श किया, और अंततः 23 कैदियों की रिहाई पर सहमति दी गई।

मुख्यमंत्री ने कैदियों के अपराध की प्रवृत्ति,न्यायालयों,संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों,जेल अधीक्षकों एवं प्रोबेशन अधिकारियों द्वारा दिए गए मंतव्यों की समीक्षा करने के बाद यह सुनिश्चित किया कि रिहाई न्यायिक नियमों, सामाजिक सुरक्षा एवं कारा अधिनियमों के दृष्टिकोण से वैध और उचित रहे।

रिहा होने वाले कैदियों के लिए एक व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रिहा होने वाले कैदियों के लिए एक व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि डायन‑बिसाही के आरोप में रहे कैदियों के साथ महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, उनकी आय सृजन और सामाजिक पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए तथा जिला स्तर पर उनके जीवनयापन के लिए निर्धारित जिला समन्वयकों की विशेष जिम्मेदारी तय की जाए।

1004342966 1

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा,प्रधान सचिव‑विधि परामर्शी, विधि विभाग नीरज कुमार श्रीवास्तव, महानिरीक्षक, कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल,न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को तैयार करेगा संघ

1004342741

रामगढ़ // जिले में कराटे खेल के संगठित विकास और खिलाड़ियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच देने के उद्देश्य से जिला कराटे संघ की बैठक गोरियारीबाग स्थित द टेम्पल ऑफ वॉरियर्स में आयोजित की गई।

सभी सदस्यों ने एकमत होकर लिया संकल्प

बैठक में आगामी जिला कराटे चैम्पियनशिप, राज्य कराटे चैम्पियनशिप के लिए खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण व्यवस्था और जिले में कराटे के व्यापक विस्तार को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में सभी सदस्यों ने एकमत होकर संकल्प लिया कि जिले में कराटे खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। साथ ही आगामी जिला कराटे चैम्पियनशिप को अनुशासित, भव्य एवं सफल आयोजन बनाया जाएगा।

प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी जिला कराटे चैम्पियनशिप का आयोजन राज्य कराटे चैम्पियनशिप के लिए आधिकारिक चयन प्रतियोगिता के रूप में किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण सत्रों से तैयार किया जाएगा। ताकि वे राज्य स्तर पर बेहतर तकनीकी प्रदर्शन करते हुए जिले का प्रतिनिधित्व कर सकें।

1004342741

आगामी कराटे चैम्पियनशिप को सुव्यवस्थित और उच्च स्तर पर आयोजित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजना और संचालन समितियों का गठन किया गया। इन समितियों को प्रतियोगिता प्रबंधन, तकनीकी संचालन, खिलाड़ियों की व्यवस्था, अनुशासन एवं समन्वय की जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिससे प्रतियोगिता का आयोजन सफल एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया जा सके।

प्रतियोगिताओं की निर्णायक व्यवस्था को और सशक्त करते हुए

रेफरी आयोग का विस्तार किया गया

बैठक के दौरान प्रतियोगिताओं की निर्णायक व्यवस्था को और सशक्त करते हुए रेफरी आयोग का विस्तार किया गया। आयोग का नेतृत्व चेयरमैन सेंसई संजय सोनकर करेंगे, जबकि सेंसई सुमित कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया। आयोग में सदस्य के रूप में राशि सिन्हा एवं जोगिंदर गंजू को शामिल किया गया, जो रेफरी और टेबल ऑफिशियल टीम का संचालन करेंगे।

कराटे गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया टीम का भी गठन किया गया, जिसमें राहुल पांडे, रवि सोरेन, मार्शल टुडू एवं बिनेरंजन को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में रेंशी नरेंद्र सिन्हा, शिहान शशि पांडे, सेंसई संजय सोनकर, सेंसई सुमित कुमार, अंजन प्रसाद, राहुल पांडे, जोगिंदर गंजू, मार्शल टुडू, कमल नायक, शेखर कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

अन्नपूर्णा देवी ने की निर्भया फंड के प्रोजेक्ट की समीक्षा

1004342672

कोडरमा // समाहरणालय सभागार में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में निर्भया कोष के अंतर्गत विभिन्न परियोजना प्रस्तावों की समीक्षा बैठक की गई।बैठक में कोडरमा जिला में महिलाओं की सुरक्षा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्भया फंड (एमओडब्ल्यूसीडी, भारत सरकार) के तहत तैयार किए गए प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इनमें प्रौद्योगिकी आधारित महिला सुरक्षा कार्यक्रम (ऑटोमैटिक सीसीटीवी, ड्रोन और पिंक पेट्रोलिंग), डिजिटल ट्रैकिंग, निगरानी एवं गश्त, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, शौर्य प्रशिक्षण (सेल्फ-डिफेंस), आजीविका एवं आवास की व्यवस्था, महिला सुरक्षाकर्मियों का प्रशिक्षण, कक्षा 9-12 की छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं के लिए निहत्थे आत्मरक्षा सहित अन्य प्रस्ताव शामिल थे।

1004342672

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय मंत्री को प्रस्तुत की। बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेखा रानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Jharkhand Weather। 6 से 8 मार्च तक आंशिक बादल छाने से तापमान में हल्की गिरावट के आसार

IMG 20260302 192821

रांची // झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 6 से 8 मार्च तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में हल्की कमी आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार….

मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय क्षेत्र से लेकर विदर्भ होते हुए पश्चिम बंगाल के गंगा नदी से जुड़े इलाकों, ओडिशा के आंतरिक हिस्सों और दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका प्रभाव झारखंड समेत आसपास के राज्यों पर भी पड़ सकता है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान हजारीबाग में 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम गति की हवाएं चलीं। दोपहर में धूप की तपिश महसूस की गई, हालांकि हवाओं के चलने से गर्मी अपेक्षाकृत कम लगी।

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 15.7 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 21.4 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 16.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 18.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

टायर फटने से बस पलटी, 12 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

चतरा // बिहार के गयाजी जिले के डुमरिया से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही एक स्लीपर बस झारखंड के चतरा जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर मोरैंवा टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले एनएच-22 पर हुआ। बस (सीजी 13 क्यू 0805) का अगला टायर अचानक फटने से दुर्घटना हुई।

कई यात्रियों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी। बस में सफर कर रहे यात्री अनुज कुमार ने बताया कि घाटी क्षेत्र में पहुंचते ही बस का अगला टायर ब्लास्ट कर गया, जिसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए। कई यात्रियों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।

1004342565

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी यात्री की मौत नहीं हुई है। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।

घायलों की पहचान जहानाबाद निवासी राकेश कुमार, गयाजी जिले के वजीरगंज निवासी रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार के रूप में हुई है।

पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता अस्पताल पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

बताया गया कि उक्त बस डुमरिया से दोपहर 1:30 बजे रायपुर के लिए रवाना होती है और रानीगंज, शेरघाटी, डोभी व चतरा होते हुए अपने निर्धारित मार्ग पर चलती है। हादसे के समय भी बस अपने तय रूट पर ही थी

पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।

चतरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

देवघर पुलिस ने अवैध देशी कट्टा के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

देवघर // हथियार के साथ बैठ कर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली जिसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस ने सुचना प्राप्ति पश्चात थाना प्रभारी द्वारा वरीय पदाधिकारी को सूचित कर निर्देशानुसार त्वरित कार्यवाई करते हुए एक टीम का गठन किया गया ।

1004342386

घटनास्थल पर पहुँच कर घटनास्थल का निरीक्षण के पश्चात छापामारी दल द्वारा अवैध कट्टा के साथ एक अभियुक्त की गिरफ्तारी की गयी । साथ ही एक अवैध कट्टा को जप्त किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम प्रीतम महथा उम्र 34 वर्ष पे०-स्व० घनश्याम महथा सा०-जटाही मोड थाना-नगर जिला-देवघर जिसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आर्म्स एक्ट के अभियुक्त छोटु श्रृंगारी उर्फ चन्द्रशेखर श्रृंगारी पे०-मुखी श्रृंगारी सा०-बी०एन० झा पथ पोखनाटील्हा थाना-नगर जिला-देवघर अपने घर में 02/03 व्यक्तियों के साथ मिलकर किसी घटना को अंजाम देने के उदेश्य से सभी इकट्ठा हुआ था।

मध्य पूर्व तनाव : एयर इंडिया-इंडिगो समेत कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

नई दिल्ली // ईरान, इजरायल और अमेरिका के टकराव से मध्य पूर्व में मची अफरा-तफरी का असर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। एयर इंडिया, इंडिगो सहित कई एयरलाइंस कंपनियों ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एक दिन पहले 11 देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से रविवार को भारत में 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं थीं।

इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री परेशानी का सामना कर रहे हैं।

नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट ने सोमवार को ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में लिखा, “मध्यपूर्व में बदलते राजनीतिक हालात की वजह से पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में रुकावटें आ रही हैं और उनके शेड्यूल में बदलाव हो रहे हैं।” वहीं, कई उड़ानें रद्द होने के कारण आईजीआई एयरपोर्ट पर यात्री फंसे हुए हैं। उधर, कई उड़ानें रद्द होने से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री परेशानी का सामना कर रहे हैं।

2 और 3 मार्च को इंडिगो की कुल 203 उड़ानें रद्द कर दी

एयर इंडिया ने क्षेत्र की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए मध्य पूर्व के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दीं हैं। एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर जारी एडवाइजरी में कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोपरि है। इंडिगो ने मध्य पूर्व के लिए सभी उड़ानें रात 12 बजे तक रद्द कर दीं हैं। हवाई क्षेत्र पर जारी प्रतिबंधों के कारण 2 और 3 मार्च को इंडिगो की कुल 203 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। कंपनी ने इसे एहतियाती कदम बताया।

ईरान-इजरायल युद्ध के कारण 11 देशों में हवाई क्षेत्र बंद

ईरान-इजरायल युद्ध के कारण 11 देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने से रविवार को भारत में 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। मुंबई हवाई अड्डे पर 125 और दिल्ली हवाई अड्डे पर 100 उड़ान रद्द हुईं। अमृतसर हवाई अड्डे पर भी 10 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें दुबई, दोहा और शारजाह रूट पर कतर एयरवेज, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और इंडिगो की फ्लाइट्स शामिल हैं। इसके अलावा देश के कई अन्य शहरों से उड़ानें रद्द हुईं थी।

बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों ने कर दी युवक की पिटाई

कोडरमा // जिले में इन दिनों बच्चा चोर की शक में अज्ञात लोगों को पड़कर पिटाई करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार की तड़के सुबह तिलैया थाना क्षेत्र के मोरियावां गांव से सामने आया है।

टहलने निकले ग्रामीण ने फैलाई अफवाह

जहां ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर एक युवक को बांधकर उसकी पिटाई कर दी। घटना की जानकारी देते हुए मोरियावां के पूर्व वार्ड पार्षद बलराम यादव ने बताया कि सोमवार की सुबह जब गांव के लोग टहलने निकले थे, तो देखा कि एक अज्ञात युवक अलग-अलग घरों में ताक झांक कर रहा है। जिस पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को वहां इकट्ठा कर लिया। इसके बाद ग्रामीण उस अज्ञात युवक को पकड़ पूछताछ करने लगे।

गांव का नाम बताया लेकिन अपना नाम नहीं बताया

युवक ने कुछ भी साफ-साफ नहीं बताया। जिस पर ग्रामीण उग्र हो गए। ग्रामीणों ने जब उनसे कठोरता से पूछताछ की तो उक्त युवक ने बताया कि वह झुमरी तिलैया के वार्ड 1 स्थित नरेश नगर का रहने वाला है। हालांकि उसने अपना नाम नहीं बताया। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा इस मामले की जानकारी तिलैया पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उस अज्ञात युवक को पकड़ कर अपने साथ थाना ले आई।

कोई भी व्यक्ति किसी के साथ मारपीट न करें

इधर थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को देखने पर तुरंत थाना को सूचना दें। कोई भी व्यक्ति किसी के साथ मारपीट न करें, यह कानूनन अपराध है।