देश के जाने माने पत्रकार अजीत अंजुम को साइबर ठग ने अपना शिकार बना लिया । Ajit Anjum के जाने पहचाने व्यक्ति का व्हाट्सएप हैक कर अजित अंजुम से 11 हजार रुपए की ठगी कर लिया । उन्होंने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
साइबर ठग ने कैसे बनाया शिकार
अजीत अंजुम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से लिखा कि पहली बार मैं भी आज साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गया . हुआ ये कि कोलकाता में रहने वाले मेरे एक पत्रकार मित्र प्रभाकर मणि तिवारी के व्हाट्सएप से एक मैसेज आया कि मेरा UPI अभी ब्लॉक है , कुछ पैसे एक QR कोड पर ट्रांसफर कर दें . मैं दफ्तर से बाहर था तो मैंने अपने कैमरामैन की ड्यूटी लगा दी कि इनको ट्रांसफर कर दो . फिर पांच बार पैसे मांगे गए . हर बार कैमरामैन मुझे फोन करके पूछ रहा था . मैं संकोच में प्रभाकर जी को फोन किए बगैर उनके व्हाट्सएप से आ रहे अलग – अलग QR कोड पर पैसे ट्रांसफर करवाता रहा . मुझे लगा कहीं फंसे होंगे. कुछ दिक्कत होगी . अब पूछना क्या है ? भेज देते हैं . प्रभाकर जी शरीफ और भरोसेमंद आदमी हैं . किसी मुसीबत में होंगे , तभी मांग रहे हैं .
छठी बार जब फिर मांगा तो मुझे शक हुआ . तीन बार एक ही अमाउंट का QR कोड भेजा . हर बार बिना दिमाग लगाए ट्रांसफर करवा दिया .तब तक मैं ऑफिस आ चुका था . मैंने अपने सहयोगी करण से कहा भी यार अब कुछ गड़बड़ लग रहा है .
व्हाट्सएप पर कई बार फोन किया . नहीं मिला . फिर नॉर्मल नंबर से फोन किया तो प्रभाकर जी से पता चला कि उनका व्हाट्सएप हैक हो गया है . कुछ और लोगों से पैसे मांगे गए हैं .
अब वो फ्रॉड फोन नहीं उठा रहा . मुझे करीब ग्यारह हजार का चूना लग गया . दिमाग की बत्ती देर से जली.
