देवघर: जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में देवघर पुलिस ने 16 अक्टूबर 2026 को मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र से एक युवक को साइबर अपराध में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के निवासी यश रमेश गुप्ता (21 वर्ष) के रूप में हुई है।

देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र में फर्जी तरीके से APK फाइल भेजकर आम लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया।
बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को देता था जानकारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की कथित अपराध शैली लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाना और उनके एटीएम कार्ड, पिन, पासवर्ड तथा सिम कार्ड अपने कब्जे में लेना था। इसके बाद इनका इस्तेमाल करने के लिए दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को उपलब्ध कराया जाता था।
मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की साइबर ठगी से जुड़ाव की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी जांच के दौरान जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक अमर कुमार राम, मारगोमुण्डा थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक शशि कपूर तथा मारगोमुण्डा थाना की टीम शामिल थी।
पुलिस मामले में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की तकनीकी जांच के आधार पर साइबर अपराध से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
