झारखंड की आवाज

बरहरवा रेलवे स्टेशन से 7 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू, संदिग्ध मानव तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार -

बरहरवा रेलवे स्टेशन से 7 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू, संदिग्ध मानव तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में मानव तस्करी की आशंका से जुड़े मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित प्रतीक्षालय से सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। बच्चों को कथित तौर पर मजदूरी के लिए तमिलनाडु के सलेम ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने 27 वर्षीय गुलाम रसूल को गिरफ्तार किया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

गुप्त सूचना पर RPF ने की कार्रवाई

आरपीएफ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की रात गुप्त सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और मंथन संस्था बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल शामिल थीं।

1005763591

संयुक्त टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित प्रतीक्षालय में छापेमारी कर सात बच्चों को रेस्क्यू किया। मौके पर बच्चों को अपने साथ ले जा रहे गुलाम रसूल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी सरफराजगंज, फुदकीपुर का निवासी बताया गया है।

आम के बागान में काम कराने के लिए ले जाने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से धनबाद और फिर दूसरी ट्रेन के माध्यम से तमिलनाडु के सलेम ले जाने की योजना थी। वहां बच्चों से आम के बागानों की सफाई, पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आम तोड़ने का काम कराया जाना था।

प्रेस नोट के अनुसार, प्रत्येक बच्चे के लिए लगभग 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि बच्चों से प्रतिदिन 8 से 10 घंटे काम कराया जाना था और इसके बदले उसे बागान मालिक से कमीशन मिलता।

एक बच्चा 13 वर्ष का, छह की उम्र 15 से 17 वर्ष

रेस्क्यू किए गए सात बच्चों में एक की उम्र 13 वर्ष बताई गई है, जबकि अन्य छह बच्चे 15 से 17 वर्ष के बीच के हैं। प्रस्तावित काम में कीटनाशक दवाओं के संपर्क और लंबे समय तक काम कराने की आशंका को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा हो सकता था।

जीआरपी बरहरवा में दर्ज हुआ मामला

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने गिरफ्तार आरोपी को अपनी लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया। शिकायत के आधार पर जीआरपी बरहरवा में 28 नवंबर 2026 को कांड संख्या 65/2026 दर्ज किया गया है।

आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 143(5), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 75 और 81 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास के लिए संबंधित बाल कल्याण समिति अथवा सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

RPF ने आम लोगों से की अपील

इस कार्रवाई के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों को मजदूरी, शोषण या संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरे स्थानों पर ले जाने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को सूचित करें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी सूचना दी जा सकती है।

Leave a Reply