देवघर। Bkd News Jharkhand
देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार श्रम अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार साह ने शनिवार को स्व. बिरजु मांझी की पत्नी श्रीमती जितनी देवी को मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत ₹50,000 का सहायता चेक प्रदान किया।
स्व. बिरजु मांझी, पिता शुकदेव मांझी, ग्राम देवघरबाद, पंचायत पथरड्डा, प्रखंड सारठ (जिला देवघर) के निवासी थे। वे चेन्नई (तमिलनाडु) में प्रवासी श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। 31 मई 2026 को कार्य के दौरान छत गिरने की दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी।
श्रम विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत दुर्घटना में मृत प्रवासी श्रमिक के आश्रितों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।
श्रम अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार साह ने प्रवासी श्रमिकों से श्रमाधान पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने तथा इसकी जानकारी जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे आपातकालीन परिस्थितियों में श्रमिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि मेट/ठेकेदार को आवश्यक अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्राप्त करने के बाद ही श्रमिकों को राज्य से बाहर कार्य के लिए ले जाना चाहिए। श्रमाधान पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले प्रवासी श्रमिक सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
