राँची// मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य के युवाओं की चिंताएं सरकार के लिए अत्यंत गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल झारखंड की समस्या नहीं है, बल्कि देश के कई राज्यों में यह युवाओं के सामने एक बड़ी राष्ट्रीय चुनौती बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। संबंधित जांच एजेंसियां दिन-रात जांच में जुटी हैं और मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भी भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि युवाओं को इस समस्या का ठोस और स्थायी समाधान देना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार के दरवाजे सभी के लिए हमेशा खुले हैं। जिन छात्रों और अभ्यर्थियों के पास कोई मांग, सुझाव या समस्या है, वे अपनी बात सीधे राज्य सरकार के समक्ष रख सकते हैं। सरकार युवाओं के हर सुझाव और मांग को पूरी गंभीरता से सुनेगी और उस पर आवश्यक कदम उठाएगी।
