दुमका // जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरायदाहा गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे बस में करंट फैल गया।

इस हादसे में करीब 10 बाराती घायल हो गए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बारात पाकुड़िया (पाकुड़) से रानीश्वर जा रही थी। रास्ते में कई बाराती बस की छत पर बैठे थे, तभी बस का संपर्क हाई टेंशन बिजली तार से हो गया और वे करंट की चपेट में आ गए।
घायलों को तुरंत दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
