झारखंड की आवाज

- Page 43 of 152 -

ट्रेन दुर्घटना के शिकार युवक ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

f2a3dd2fc1bc857b5f98296ef0329341 400500314

पूर्वी सिंहभूम // सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा में गुरुवार सुबह एक युवक के कीटनाशक खाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कुम्हारपाड़ा निवासी सूरज प्रसाद (38) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह सूरज की दूसरी पत्नी सोनी ने कमरे में उसे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास में कीटनाशक की बोतल भी पड़ी हुई थी। आनन-फानन में इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई।

मृतक के मोबाइल फोन के वीडियो से खुलेगा राज

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है। बताया जा रहा है कि उस वीडियो में सूरज ने अपनी मर्जी से खुदकुशी करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है और उसके आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।

पहले वह एक ट्रेन दुर्घटना का शिकार हुआ था

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार सूरज प्रसाद ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी पिंकी सोनारी क्षेत्र में रहती है, जबकि वह अपनी दूसरी पत्नी सोनी के साथ कुम्हारपाड़ा में रह रहा था। करीब छह महीने पहले वह एक ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गया था, जिसमें उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गए थे। इस घटना के बाद से ही वह शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से सूरज गहरे अवसाद में रहने लगा था और अक्सर अपनी स्थिति को लेकर चिंतित रहता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आर्थिक और शारीरिक परेशानियों के कारण वह काफी तनाव में था।

फिलहाल सीतारामडेरा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सकेगी।

रेलवे अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा

IMG 20260305 153833

पूर्वी सिंहभूम // खासमहल स्थित टाटानगर रेलवे अस्पताल में इलाज के दौरान परसुडीह के हलुदबनी निवासी 70 वर्षीय गुलफूल देवी की देर रात मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

1004360351

परिजनों का कहना है कि वृद्धा अपने पैरों से चलकर अस्पताल पहुंची थीं, ऐसे में अचानक उनकी मौत कैसे हो गई, इसका जवाब अस्पताल प्रबंधन को देना चाहिए।

जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा था कि स्थिति सामान्य है।

परिवार के लोग यह भी जानना चाहते हैं कि उन्हें किस प्रकार की दवा दी गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतका के बेटे राजेश प्रसाद उर्फ पोंगा ने बताया कि 3 मार्च की सुबह करीब 11 बजे उनकी मां को सर्दी, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत होने पर टाटानगर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने कहा था कि स्थिति सामान्य है। इस पर परिजनों ने उन्हें छुट्टी देने की बात कही, लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि अगले दिन ब्लड रिपोर्ट आने के बाद छुट्टी दे दी जाएगी।

मौत की सूचना भी अस्पताल की ओर से परिवार को नहीं दी गई।

राजेश के अनुसार बुधवार रात करीब 8.30 बजे तक उनकी मां से मोबाइल पर बातचीत हुई थी और उस समय उनकी तबीयत ठीक लग रही थी। परिजनों का आरोप है कि गुलफूल देवी की मौत की सूचना भी अस्पताल की ओर से परिवार को नहीं दी गई। जब राजेश अस्पताल पहुंचे तब तक उनकी मां की मौत हो चुकी थी। इसके बाद जब परिवार के अन्य सदस्य और बस्ती के लोग अस्पताल पहुंचे तो नर्स और अस्पताल कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसको लेकर भी लोगों में आक्रोश है और वे इसका कारण जानना चाहते हैं।

निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही वृद्धा की मौत हुई है। उनका कहना है कि घटना के समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और गुलफूल देवी को नर्सों ने चारों ओर से घेर रखा था। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री सहित राजग उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन

IMG 20260305 152906

पटना // बिहार की राजनीति में गुरुवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नितिन नवीन और रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के उपेंद्र कुशवाहा तथा शिवेश कुमार ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।

सभी उम्मीदवारों ने बिहार विधानसभा परिसर स्थित विधान सभा कार्यालय प्रकोष्ठ में सचिव की उपस्थिति में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र जमा किए। नामांकन दाखिल करने के दौरान राजनीतिक माहौल काफी सक्रिय दिखाई दिया और गठबंधन के कई बड़े नेता इस मौके पर मौजूद रहे।

नामांकन के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रहे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यसभा चुनाव में जीत का भरोसा जताया।

जनता दल यूनाइटेड ने राज्यसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ संसद में भी बिहार और देश को मिलेगा।

नामांकन दाखिल होने के साथ ही बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अब सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में और भी हलचल देखने को मिल सकती है।

जदयू के राज्यसभा उम्मीदवार बने नीतीश कुमार, भाजपा नेताओं ने दी बधाई

IMG 20260305 130812

पटना // मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए जदयू उम्मीदवार के रूप में अपने नाम का ऐलान किए जाने के बाद बिहार में सियासी सरगर्मी चरम पर है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा आधिकारिक घोषणा के बाद प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए सतत समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नीतीश कुमार के व्यापक अनुभव, संतुलित दृष्टि और जनहितकारी विचारों से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी तथा राष्ट्रहित के विषयों को नई दिशा मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार का दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वास है कि जताया कि नीतीश कुमार के अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुशासन की मजबूत परंपरा और बिहार के विकास के प्रति निरंतर समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा है। उनके अनुभव, संतुलित निर्णय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ने बिहार को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और नेतृत्व से राज्यसभा में बिहार की आवाज और अधिक प्रभावशाली ढंग से उठेगी तथा देश के विकास में नई ऊर्जा का संचार होगा।

तेजस्वी का बात हुई सच

नीतीश कुमार के राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उसे मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। वही जिस तरह से लगातार चर्चा हो रही है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इससे साफ प्रतीत हो रहा है कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही होगा । इस पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “चुनाव में जिस तरह से उनकी जीत हुई है, धनतंत्र की, मशीनतंत्र की जीत हुई है। नीतीश कुमार ने कहा है कि वो (राज्यसभा) सदन जाना चाहते हैं।

आगे तेजस्वी यादव ने कहा कि हम शरुआत से इस बात को कहते रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को भाजपा के लोग मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देंगे…आज वो बात सच हुई है। जन आकांक्षाएं इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ हैं। जब 2024 में नीतीश कुमार हमें छोड़कर गए थे। उस समय भी हमने यह कहा था कि भाजपा JDU पार्टी को खत्म कर देगी। भाजपा ने पूरी तरीके से नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है।

Giridih News। होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ त्रिवेणी संगम में डूबे दो की मौत

IMG 20260305 123903

गिरिडीह // जिले के जमुआ – देवरी इलाके की मध्य सीमा पर बुधवार को गोदावरी त्रिवेणी संगम तालाब में पानी में डूब जाने से दो किशोर की मौत हो गयी। दोनों किशोर देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार के रहने वाले थे । खोरी महुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने डूबने से दो बच्चों की मौत की पृष्टि की है।

होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ स्नान के लिए गए थे

मिली जानकारी के अनुसार चतरो ( देवरी ) गांव निवासी संजय साव का पुत्र करण कुमार और पुरनीगड़िया गांव के कृष्णा विश्वकर्मा के पुत्र दीपक कुमार चतरो बाजार में होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ स्नान के लिए त्रिवेणी संगम गए थे। जहां पर स्नान के क्रम में दोनों गहरे पानी मे डूब गए । बच्चों के नदी में डूबने की सूचना के बाद स्थानीय लोग नदी में उतरे और खोजबीन करने में जुट गए । इस बीच खंडोली से गोताखोरों की टीम भी पहुंची।

घंटों तक की खोजबीन

लगभग ढाई तीन घंटे तक खोजबीन के बाद दोनों को पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों के शव को घर लाया गया तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।

Crime News Today। पानी फेंकने के विवाद में युवक को मारा चाकू , एमजीएम में भर्ती

IMG 20260305 123034

पूर्वी सिंहभूम // होली के दौरान पानी फेंकने को लेकर हुए विवाद में साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-3 निवासी युवक रितेश कुमार को कुछ लोगों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

घर की छत से किसी व्यक्ति ने उस पर पानी फेंक दिया।

जानकारी के अनुसार रितेश कुमार बुधवार शाम घूमने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह काशीडीह काली मंदिर के पास पहुंचा, तभी पास के एक घर की छत से किसी व्यक्ति ने उस पर पानी फेंक दिया। रितेश ने जब इस पर आपत्ति जताई और पूछताछ की, तो आरोपित व्यक्ति उससे उलझ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि कुछ ही देर में वहां तीन अन्य लोग भी पहुंच गए और रितेश के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर रितेश के पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

एमजीएम अस्पताल में चला रहा है ईलाज

घटना की जानकारी मिलने के बाद रितेश ने साकची थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

East Singhbhum News। ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

IMG 20260305 122450

पूर्वी सिंहभूम // टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल(आरपीएफ) ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से लाखों रुपये के ब्राउन शुगर बरामद की गई है।जानकारी के अनुसार रेलवे के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ की ओर से ऑपरेशन नारकोस चलाया जा रहा है।

बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख

इसी अभियान के तहत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल चक्रधरपुर मंडल के निर्देश पर टीम ने छापेमारी कर तीन तस्करों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से कुल 28 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका कुल वजन 3.56 ग्राम बताया जा रहा है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख 56 हजार रुपये है। इसके अलावा आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और 4,330 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। कुल जब्त सामानों की कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार 330 रुपये बताई गई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस को मिली सफलता

पकड़े गए आरोपितों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह निवासी मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन, बर्मामाइंस के कैरेज कॉलोनी निवासी बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी और गोलमुरी खालसा क्लब के पास रहने वाले राहुल कुमार डे के रूप में हुई है। गुरुवार को आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश महतो ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन ब्राउन शुगर को सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इलाके से लाकर टाटानगर स्टेशन परिसर में बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी और राहुल कुमार डे को बेच रहा था।

पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है

इसी दौरान आरपीएफ की टीम ने तीनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।फिलहाल आरपीएफ तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

शराब के नशे में युवक ने बुजुर्ग की टांगी से मारकर की हत्या, आरोपित फरार

IMG 20260305 121839

पलामू // रंगों और उमंग के पर्व होली के दिन पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव में जहां एक ओर लोग अबीर-गुलाल में सराबोर थे, वहीं दूसरी ओर 70 वर्षीय बुजुर्ग विश्वनाथ रजवार की टांगी से मारकर हत्या कर दी गई।

गुस्से और शराब के नशे में धुत होकर इस वारदात को दिया अंजाम

मृतक की पहचान हीरा सिकनी निवासी विश्वनाथ रजवार (70) के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही उनके गोतिया कपिल रजवार (25 ) ने गुस्से और शराब के नशे में धुत होकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया।तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद, खून-खराबे में बदलाप्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। होली के दिन पहले से ही माहौल में शराब का असर था।

हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची

इसी दौरान बात इतनी बढ़ गई कि कपिल रजवार ने टांगी उठा ली और विश्वनाथ रजवार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटीघटना की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। होली का उत्सव पलभर में सन्नाटे में बदल गया। सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और शराब के नशे को घटना का कारण बताया जा रहा है। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सिगरेट नहीं देने पर फूंक दी दुकान, करीब 10 लाख की संपत्ति जलकर हुई राख

1031f46ae2fb2bb8ee6545390bea99f4 1845866997

पलामू // जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं देने पर एक किराना जेनरल स्टोर फूंक दी गई। दुकान के आइटम सहित शादी के लिए खरीद कर रखे गए सामान जलकर राख हो गए।

देर रात चार लड़के सिगरेट लेने के लिए दुकान में पहुंचे थे।

घटना बुधवार देर रात की है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया। इस संबंध में पुलिस को आवेदन देकर दुकान में आग लगा देने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार आग राजेश कुमार गुप्ता की दुकान सह मकान में लगी। राजेश ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात चार लड़के सिगरेट लेने के लिए दुकान में पहुंचे थे। शटर जोर-जोर से पीट रहे थे। बाहर निकले तो बगल के टोले के रितिक सिंह छोटू सिंह एवं अन्य ने सिगरेट मांगते हुए गाली गलौज की और मारपीट करने के लिए कॉलर पकड़ लिया। बताया गया कि सिगरेट खत्म हो गया है।

11 मार्च को भाई की शादी होने वाली है।

चारों युवक गुस्से में वहां से निकले और जाने के क्रम में धमकी दी की देख लेंगे। इसके कुछ देर बाद दुकान में आग लग गई। तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और सभी की मदद से आग पर काबू पाया। राजेश ने बताया कि 11 मार्च को उसके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी होने वाली है। डेढ़ लाख के सामान खरीद कर रखे थे। 80 हजार नगद भी रखे हुए थे। आग से सारे जल गए। इसके अलावा दुकान में रखें सामान सहित

करीब 10 लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है। उसकी कमर टूट गई है। राजेश ने चारों युवकों पर आग लगा देने का आरोप लगाया है।

प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है ताकि ऐसी घटना किसी के साथ ना हो सके।


फिन एलेन ने टी20 विश्व कप में लगाया सबसे तेज शतक

1004358726 1

नई दिल्ली // न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलेन ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह टी20 विश्व कप के इतिहास का सबसे तेज शतक है।

एलेन ने नाबाद 100 रन की पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड को 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में ही हासिल करा दिया। अपनी तूफानी पारी में उन्होंने 10 चौके और आठ छक्के लगाए। इससे पहले टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक बनाया था।

फिन एलेन का 33 गेंदों का शतक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक भी है। उन्होंने नामीबिया के जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के रिकॉर्ड की बराबरी की। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने 27 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक

  • 1. फिन एलेन (न्यूजीलैंड) – 33 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2026
  • 2. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 47 गेंद बनाम इंग्लैंड, 2016
  • 3. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 50 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2007
  • 4. ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड) – 51 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2012
  • 5. राइली रोसो (दक्षिण अफ्रीका) – 52 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2022

आज भाजपा में शामिल होंगे कांग्रेस के तीन विधायक

IMG 20260305 094410

गुवाहाटी // असम की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। कांग्रेस के तीन विधायक आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले हैं। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में रहा के विधायक शशिकांत दास, मंगलदै के विधायक बसंत दास तथा उत्तर करीमगंज के विधायक कमलाक्ष दे पुरकायस्थ के नाम शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार ये तीनों विधायक आज औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस कदम से असम की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है और कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार किया जा रहा है। (हि. स.)

90 सीटों के लिए भाजपा ने उम्मीदवार पैनल किया तैयार, 10–12 मार्च तक घोषणा

IMG 20260305 093927

गुवाहाटी // आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगभग 90 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के पैनल को लगभग अंतिम रूप दे दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि पार्टी की पहली उम्मीदवारों की सूची 10 से 12 मार्च के बीच जारी किए जाने की संभावना है।

उन्होंने यह भी कहा कि शेष सीटों को लेकर सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ जल्द ही चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह जानकारी बुधवार देर रात भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।

युद्ध के बीच दुबई में फंसे झारखंड के नवदंपति, युद्ध तनाव ने बदला हनीमून का सपना

IMG 20260305 072527

रांची // शादी के पावन बंधन में बंधने के बाद जीवन की नई शुरुआत के सपनों के साथ छुट्टियां मनाने दुबई गए रांची निवासी अतुल उरांव पत्नी के साथ दुबई में फंस गये हैं। रांची निवासी अतुल उरांव, अधिकारी, स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (सेल) में अधिकारी हैं। वह पत्नी डॉ कंचन बाड़ा के साथ हनीमून पर दुबई गये थे।

सरकार से की मार्मिक अपील

इसी दौरान मिडिल ईस्ट के खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के बीच दुबई में फंस गये हैं। तनाव के बीच दोनों भय और अनिश्चितता के साये में हैं। कहां तो उनके जीवन की नई सुबह खुशियों, उत्सव और प्रेम के रंगों से सजी होनी थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय संघर्ष की काली छाया ने उन सपनों को सहमा दिया है। युद्ध तनाव ने बदला हनीमून का सपना 22 फरवरी 2026 को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। परिजनों और शुभचिंतकों की आशीर्वाद भरी विदाई के बाद नवदंपति 27 फरवरी को दुबई के लिए रवाना हुए थे।

दुबई में एहतियातन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं।

04 मार्च को उनकी वापसी निर्धारित थी। लेकिन इसी बीच अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने खाड़ी क्षेत्र की स्थिति को अत्यंत संवेदनशील बना दिया। दुबई में एहतियातन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का निलंबन होने से हजारों पर्यटक फंस गए हैं। होटल परिसरों के बाहर सन्नाटा पसरा है।सार्वजनिक स्थलों पर आवाजाही सीमित कर दी गई है।

हम सुरक्षित हैं, परंतु अनिश्चितता बहुत भारी है।

अतुल उरांव ने भावुक स्वर में बताया कि हम जीवन की नई शुरुआत का जश्न मनाने आए थे। सोचा था यह यात्रा हमारी यादों में हमेशा के लिए बस जाएगी। लेकिन दुबई पहुंचते ही हालात बदल गए। अचानक फ्लाइट्स रद्द होने की खबर आई। डॉ. कंचन बाड़ा, जो स्वयं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी एक संवेदनशील प्रोफेशनल हैं, ने कहा कि यहां का वातावरण सामान्य नहीं है। सड़कें खाली हैं। हर खबर चिंता बढ़ा देती है। हम सुरक्षित हैं, परंतु अनिश्चितता बहुत भारी है। हम बस अपने घर, अपने लोगों के बीच लौटना चाहते हैं।

शादी की खुशियों से भरा घर अब प्रार्थनाओं और प्रतीक्षा में डूबा है।

रांची में बेचैन परिवाररांची स्थित दोनों परिवारों में गहरी चिंता का माहौल है। परिजन लगातार संपर्क में रहने का प्रयास कर रहे हैं, पर हर समाचार के साथ भय और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।शादी की खुशियों से भरा घर अब प्रार्थनाओं और प्रतीक्षा में डूबा है। माता-पिता की आंखें टीवी समाचारों पर टिकी हैं। रिश्तेदार और मित्र सरकार से हस्तक्षेप की गुहार लगा रहे हैं। राज्य सरकार से मानवीय हस्तक्षेप की मांग नवदंपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।

झारखंड सरकार तत्काल केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित करे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया गया है कि इस मामले में जल्द वापसी की व्यवस्था की जाए और केंद्र सरकार तथा यूएई स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय स्थापित करें। झारखंड सरकार तत्काल केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित करे। यूएई में फंसे झारखंडियों की सूची तैयार की जाए। विशेष उड़ानों अथवा सुरक्षित कॉरिडोर के माध्यम से शीघ्र वापसी सुनिश्चित किया जाए।

Ranchi News। होली के बीच टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग

IMG 20260304 204645

रांची // राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक टेंट हाउस के गोदाम में आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। होली के जश्न के बीच लगी इस आग ने आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी। हालांकि स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ी घटना टल गई।

आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम में शादी और अन्य समारोहों में इस्तेमाल होने वाले टेंट, कुर्सियां, स्टेज मटेरियल और सजावट के सामान रखे हुए थे। दोपहर में अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पानी तथा अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास करने लगे।

काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रांची के लालपुर थाना की पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन गोदाम तक जाने वाली गली काफी संकरी होने के कारण दमकल वाहन सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। दमकल कर्मियों को उपकरण लेकर पैदल ही अंदर जाना पड़ा, जिससे आग बुझाने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अधजली महिला का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

IMG 20260216 131653

पूर्वी सिंहभूम // जिला के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के सुनसान इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने खेत में एक अज्ञात महिला का अधजला शव देखा। सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।

महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने के लिए शव को फेंका गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का शव बुरी तरह जला हुआ था। उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा, चेहरा, कमर के नीचे गंभीर रूप से झुलसे हुए पाए गए। शव पर गुलाबी रंग का पजामा था, जो आधा जला हुआ मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से झारखंड और ओडिशा सीमा से सटे रामपुर के सुनसान इलाके में शव को लाकर ज्वलनशील पदार्थ से आग के हवाले कर दिया गया।

पाेस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। घटनास्थल से कुछ जले हुए कपड़ों के टुकड़े और राख के अवशेष भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की उम्र कितनी थी, हालांकि अनुमानतः उसकी आयु 20 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पाेस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत जलने से हुई या पहले हत्या कर शव को जलाया गया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है…

इस मामले में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या, साक्ष्य छुपाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के थानों से भी हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई इस महिला को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो तो अविलंब कोवाली थाना से संपर्क करें।