झारखंड की आवाज

- Page 42 of 152 -

High Court। जेल में बंद आईएएस विनय चौबे की जमानत याचिका पर हुई सुनवाई

IMG 20260306 141159

रांची // हजारीबाग वन भूमि घोटाला मामले में जेल में बंद आईएएस अधिकारी विनय चौबे ने झारखंड उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है। उनके अधिवक्ता के माध्यम से दाखिल इस याचिका पर शुक्रवार को उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायामूर्ति संजय कुमार द्विवेदी की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को मामले में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

एसीबी इस मामले में पहले ही विनय चौबे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है

जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान विनय चौबे की ओर से वरीय अधिवक्ता आर. एस. मजूमदार ने अदालत में पक्ष रखा। अदालत ने एसीबी से मामले में विस्तृत जवाब प्रस्तुत करने को कहा है, जिसके बाद अगली सुनवाई में इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) इस मामले में पहले ही विनय चौबे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। एसीबी ने मामले की प्राथमिक जांच (प्रीलिमिनरी इंक्वायरी) पूरी करने के बाद रांची एसीबी थाना में कांड संख्या 11/2025 दर्ज किया था। जांच के दौरान एजेंसी ने कई दस्तावेज और गवाहों के बयान जुटाए हैं।

इस मामले में कुल 73 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है

एसीबी की जांच में हजारीबाग वन भूमि से जुड़े कथित जमीन घोटाले में विनय चौबे की संलिप्तता सामने आने का दावा किया गया है। एजेंसी के अनुसार, जमीन के अवैध हस्तांतरण और सौदे में कई लोगों की भूमिका पाई गई है। इस मामले में विनय चौबे के करीबी विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद, तत्कालीन अंचल अधिकारी (सीओ) शैलेश कुमार और ब्रोकर विजय सिंह सहित कुल 73 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

एसीबी को अब तक मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर एजेंसी ने इस पूरे प्रकरण को बड़े जमीन घोटाले के रूप में दर्ज किया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना का पैसा कब आएगा ? यहाँ चेक करें अपना स्टेट्स

20260306 134219

दिल्ली // केंद्र सरकार की और से किसानों के सहायता के लिए चलाई जा रही योजना पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 22 वीं किस्त आने का किसानों को लम्बे समय से इंतजार है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 22 वीं किस्त इसी महीना (मार्च 2026) में आने की संभावना है। किसानों को अब तक कुल 21 किस्त आ चुके हैं। किसानों को 21 वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी किया गया था। देश भर के 9 करोड़ किसानों को 21 वीं किस्त की राशि भेजी गई थी।

कैसे चैक करें अपना स्टेट्स

पीएम किसान सम्मान निधि योजना का पैसा आएगा कि नहीं आप भी अपना स्टेट्स चेक कर सकते हैं।

  • इसकी लिए आपको पीएम किसान सम्मान निधि योजना का ऑफिसियल वेबसाइट www.pmkisan.gov.in पर जाए।
  • वहां से Know Your Status पर क्लिक करें उसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें
  • रजिस्ट्रेशन नंबर मालूम नहीं है तो know your ragistration पर क्लिक करें और अपना मोबाइल नंबर या आधार नंबर डालकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर पता करें।
  • फिर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालें और कैप्चा डालकर सबमिट करें।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत कितनी राशि मिलती है

योग्य लाभुकों को साल में 6000 हजार रुपए दिया जाता है। 2000 रुपया करके तीन किस्तों में 6000 रुपया दिया जाता है। प्रधानमंत्री ने इसकी शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की थी। तभी से पात्र किसानों को प्रत्येक साल 6000 की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में भेजी जाती है।

स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026। मतदान में 6 दिन शेष चुनावी सरगर्मी हुई तेज

1004243802

देवघर // झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में अब मात्र 6 दिन दिन शेष बचे हैं। चुनाव नजदीक आते ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। बार काउंसिल चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार होली के दिन भी घर घर जाकर अपने समर्थन में वोट की अपील कर रहे हैं। झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए वोटिंग की तारीख 12 मार्च निर्धारित की गई है। 12 मार्च को 25001 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और प्रत्येक अधिवक्ता मतदाता को न्यूनतम पांच उम्मीदवारों को वोट डालने की अनिवार्यता कर दी गई है। एक अधिवक्ता मतदाता न्यूनतम पांच और अधिकतम 23 प्रत्याशियों को वोट दे सकते हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार अगर एक मतदाता 5 से कम मतों का प्रयोग करेंगे तो उसका मत अमान्य माना जाएगा।

मतदान को लेकर देवघर बार काउंसिल की तैयारी शुरू

चुनाव को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला अधिवक्ता संघ (डीबीए) में तैयारी चल रही है। बूथ बनाने व सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया है। देवघर अधिवक्ता संघ में करीब 900 अधिवक्ता मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

युवा अधिवक्ता ललित यादव ने कहा

स्टेट बार काउंसिल का चुनाव 5 वर्षों के जगह आठ साल बाद हो रहा है और इस चुनावी मैदान हम भी खड़े हैं और हमारी प्राथमिकता में है कि युवा अधिवक्ताओं को Stipend की जो समस्या है उसे दूर करने का काम करेंगे साथ ही पेंशन और इंश्योरेंस क्लेम जैसी परेशानी को खत्म करने का काम करेंगे अगर अधिवक्ता साथी हमें मौका देती है तो संथाल परगना के अधिवक्ताओं को रांची का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा हर समस्या का समाधान एक फोन कॉल के माध्यम से समाधान होगा । और हमें पूरा विश्वास है कि जिस प्रकार से देवघर मधुपुर गोड्डा दुमका राजमहल पाकुड़ धनबाद जामताड़ा से समर्थन मिल रहा है निश्चित तौर पर अधिवक्ता भाइयों का आशीर्वाद मिलेगा और जीत होगी।

बहरहाल, चुनाव के माहौल में कौन जीतेगा और कौन हारेगा, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन जिस तरह से युवा अधिवक्ताओं ने इस चुनाव में दिलचस्पी दिखाई है और समर्थन मिल रहा है इससे यही लग रहा है इस बार महिला अधिवक्ता के साथ साथ युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी।

देवघर से 6 उम्मीदवार मैदान में

देवघर बार से तालुक रखने वाले झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में देवघर जिले से आधा दर्जन उम्मीदवार हैं। और सभी उम्मीदवार अपने अपने तरीके से चुनाव प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। इस बार के चुनावी समर में बालेश्वर प्रसाद सिंह, अमर कुमार सिंह, ललित यादव, दिलीप कुमार सिंह, विजय कौशिक, नीरज कुमार सिन्हा के अलावे पूरे झारखंड से 100 उम्मीदवार मैदान में है। जिसमें से 23 सदस्यों का चुनाव होना है ।

असमः सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट क्रैश में दोनों पायलटों की मौत

abcf26f069ccec00a7033ffe68ab184b 2087858174

कार्बी आंगलोंग // असम के कार्बी आंगलोंग जिले के पहाड़ी इलाके में गुरुवार देर शाम को सुखोई-30 एमकेआई फाइटर एयरक्राफ्ट के क्रैश होने से दोनों पायलटों की मौत हो गई। दोनों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर अनुज और को-पायलट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर के रूप में हुई है। लेफ्टिनेंट पूर्वेश आईएएफ के फ्लाइंग नेविगेटर थे। हादसे की आधिकारिक जानकारी आईएएफ ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए दी है।

दोनों को सुखोई-30 दुर्घटना में घातक चोटें आईं।

दुर्घटना स्थल से दोनों वायु सैन्य कर्मियों के शव मिल गए हैं। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की एक्स पोस में भारतीय वायु सेना ने स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरागकर के निधन की जानकारी दी गई है।

1004364463

कहा गया है कि दोनों को सुखोई-30 दुर्घटना में घातक चोटें आईं। आईएएफ ने कहा है कि इस हादसे पर भारतीय वायु सेना के समस्त कर्मी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और इस शोक के समय दुखी परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

हादसा स्थल पर वायु सेना की टीम को पहुंचने में लगभग चार घंटे का समय लगा।

यह हादसा गुरुवार रात लगभग 7 बजे के आसपास हुआ। विमान से संपर्क टूटने के बाद जोरहाट वायुसेना की टीम ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। हादसा स्थल पर वायु सेना की टीम को पहुंचने में लगभग चार घंटे का समय लगा। हालांकि, हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।बताया गया है कि जोरहाट से टेक-ऑफ करने के कुछ ही देर बाद प्लेन कार्बी आंगलोंग जिले के दुर्गम पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोगों में डर फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

चश्मदीदों ने कहा कि आवाज बहुत तेज थी और पहाड़ी इलाके में गूंजी

यह दुर्घटना कार्बी आंगलोंग जिलांतर्गत रंगखेला के चोकीहोला के नीलिप ब्लॉक के पास एक दूर पहाड़ी इलाके में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात लगभग 7 बजे के आसपास एक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जो आसपास की पहाड़ियों में गूंजी और आसपास की बस्तियों में दहशत फैल गई।चश्मदीदों ने कहा कि आवाज बहुत तेज थी और पहाड़ी इलाके में गूंजी, जिससे गांव वालों को शक हुआ कि शायद इलाके में कोई मिलिट्री एयरक्राफ्ट गिर गया है।

कुछ लोगों ने धमाके के तुरंत बाद पहाड़ियों की तरफ से धुआं उठते हुए भी देखा।सूत्रों ने बताया कि एयरक्राफ्ट सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट था, जिसने शाम को जोरहाट से उड़ान भरी थी। क्रैश साइट इनसानी आबादी से दूर एक जंगली और पहाड़ी इलाके में है, जिससे वहां के लोगों के लिए तुरंत पहुंचना मुश्किल था। (हि.स.)

नेपालः प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी सबसे आगे

IMG 20260306 085348

काठमांडू // नेपाल में प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में सामने आने लगे हैं।राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी अन्य दलों की तुलना में बहुत आगे है। कुल 165 सीटों में से अब तक करीब 60 सीटों का रुझान मिल रहा है, जिसमें 51 सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे चल रहे हैं।

नेपाली कांग्रेस 5, के पी ओली की पार्टी 4 और प्रचण्ड की पार्टी सिर्फ 1 सीट पर ही आगे है

निर्वाचन आयोग के अनुसार, अधिकांश जिलों में मतगणना रात से ही शुरू कर दी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य निर्वाचन कार्यालयों में मतों की गिनती की जा रही है। मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अब तक प्राप्त रुझानों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस 5, के पी ओली की पार्टी नेकपा एमाले 4 और प्रचण्ड की पार्टी सिर्फ 1 सीट पर ही आगे है। इन सीटों पर दूसरे नंबर पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार बहुत ही कम मतों से पीछे चल रहे है।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि प्रत्यक्ष प्रणाली के तहत जीते हुए उम्मीदवारों के परिणाम क्रमशः घोषित किए जाएंगे, जबकि समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के लिए दलों को मिले कुल मतों की गणना अलग से की जा रही है। आयोग का कहना है कि सभी क्षेत्रों की मतगणना पूरी होने में कुछ समय लग सकता है।

जांच एजेंसियों का डर दिखाकर नीतीश को किया गया किनारा : कांग्रेस

IMG 20260306 061955

पटना // नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद बिहार कांग्रेस इकाई की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि अंग्रेजों की तरह भाजपा का शीर्ष नेतृत्व नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की कोशिश में है, जो सफल होता दिख रहा है।

इस कृत्य का समय आने पर बिहार की जनता देगी जवाब

उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू के तीन सामंती नेताओं को मुखबिर बनाकर तथा जांच एजेंसियों का डर दिखाकर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाकर दिल्ली में किनारे करने की साजिश रची जा रही है। राजेश राठौड़ ने कहा कि बिहार की जनता, विशेषकर पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज, इस कृत्य का समय आने पर जवाब देगा।

T20 World Cup । भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराया

IMG 20260306 003711

टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा सामना

टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड पर बड़ी जीत

आपके हिसाब से इस जीत में सबसे अहम योगदान किस खिलाड़ी का ?

संजू सैमसन: 42 गेंदों पर 89 रन, मैच पलट देने वाली पारी

जसप्रीत बुमराह की दबाव में कसी हुई गेंदबाजी

तिलक वर्मा: 07 गेंदों पर 21 रन, ताबड़तोड़ पारी

अक्षर पटेल की जबरदस्त कैचिंग

ईशान किशन: 18 गेंदों पर 39 रन, संतुलन देने वाली पारी

मुंबई // भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए।

1004362890

जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 08 मार्च को न्यूजीलैंड टीम से अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होगा।

सैमसन की विस्फोटक पारी से भारत का बड़ा स्कोर

भारतीय पारी की शुरुआत में अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद संजू सैसमन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने 42 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे।सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की अहम साझेदारी की। किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया।

बैथेल का शतक, लेकिन इंग्लैंड को नहीं दिला सके जीत

254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को शुरुआत में झटके लगे। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने पावरप्ले में एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाया। हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बैथल ने शानदार शतक लगाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्होंने जोस बटलर, टॉम बैंटन और विल जैक्स के साथ अहम साझेदारियां कीं। मैच के 17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 209 रन था और उसे आखिरी तीन ओवर में 45 रन की जरूरत थी। उस समय मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो गया था।

बुमराह और पांड्या के ओवरों ने बदला मैच

18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन दिए। इसके बाद 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने सैम करन को आउट कर इंग्लैंड पर दबाव बढ़ा दिया।आखिरी ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी शिवम दुबे को दी गई और पहली ही गेंद पर जैकब बैथेल 105 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके साथ ही इंग्लैंड की उम्मीदें खत्म हो गईं और टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है और अब वह खिताब बचाने से सिर्फ एक कदम दूर है।

बिहार बीजेपी नेता नंदकिशोर यादव को मिली बड़ी जिम्मेदारी नौ राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में बड़ा फेरबदल

IMG 20260306 001148

नई दिल्ली // राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, बिहार, नगालैंड, महाराष्ट्र और तेलंगाना में राज्यपालों एवं उपराज्यपालों के पदों पर व्यापक फेरबदल को मंजूरी दी है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये सभी नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। इसके बाद तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। तमिलनाडु में राज्यपाल पद की जिम्मेदारी केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करेंगे। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

वहीं, तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। नागालैंड में नंदकिशोर यादव को राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है।

हिमाचल प्रदेश में रिक्त हुए पद पर लद्दाख के उपराज्यपाल कविन्द्र गुप्ता को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। लद्दाख के नए उपराज्यपाल के रूप में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की नियुक्ति की गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल पद पर वरिष्ठ राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को नियुक्त किया गया है।

इंदौर के दूषित पेयजल मामले में जांच आयोग ने हाईकोर्ट में पेश की प्रारंभिक रिपोर्ट

IMG 20260306 000527

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 35 लोगों की हो चुकी है मौत

इंदौर // मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल कांड को लेकर गुरुवार को उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ में सुनवाई हुई। मामले की जांच के लिए गठित आयोग ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट कोर्ट को पेश की, लेकिन कोर्ट ने विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के लिए एक माह का समय दिया है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 6 अप्रैल को होगी।

नगर निगम को भी निर्माण से जुड़े रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए कहा है।

गुरुवार को उच्च न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान जांच आयोग ने मामले को लेकर शहरवासियों व अफसरों से अपने साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा है। कुछ लोगों ने साक्ष्य प्रस्तुत भी किए हैं। कोर्ट ने इस मामले में नगर निगम को भी निर्माण से जुड़े रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए कहा है। पहले भी मांगे गए थे, लेकिन वे नहीं मिले। अब अगली सुनवाई को कोर्ट में रिकॉर्ड पेश करने होंगे।

साढ़े चार सौ से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया था।

गौरतलब है कि भागीरथपुरा में दूषित पानी से अब तक 35 मौतें हो चुकी हैं, जबकि साढ़े चार सौ से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। कई मृतकों को दूसरी बीमारियां भी थीं, लेकिन परिजनों ने बताया कि डायरिया के कारण उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी। बस्ती के 30 प्रतिशत हिस्से में नई लाइन बिछाई गई है और अब साफ पानी आ रहा है, लेकिन सड़कें अभी भी कई गलियों में खुदी हुई हैं।

ओवरहेड टैंक में पोटैशियम क्लोराइड डालने का दावा

दूषित जल से हुई मौतों को लेकर कोर्ट में दो जनहित याचिकाएं लगी हैं। गुरुवार को सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट अजय बागडिया ने अतिरिक्त तथ्यों को रिकॉर्ड पर लाने के लिए एक अंतरिम आवेदन प्रस्तुत किया। इसमें दावा किया कि भागीरथपुरा के वार्ड क्रमांक 11 के ओवरहेड टैंक में कथित रूप से पोटैशियम क्लोराइड की टैबलेट डाली गई थीं।

इस पूरे मामले की निष्पक्ष पुलिस जांच कराए जाने की मांग की गई है।

अजय बागडिया ने दावा किया कि ये टैबलेट नगर निगम की आधिकारिक खरीद प्रक्रिया के बाहर एक निजी दुकान से खरीदी गई थीं। इन्हें मौखिक निर्देशों के आधार पर टैंक में डाला गया था। जबकि पोटैशियम क्लोराइड पीने के पानी को शुद्ध करने के लिए स्वीकृत पदार्थ नहीं है। ऐसे में इस पूरे मामले की निष्पक्ष पुलिस जांच कराए जाने की मांग की गई है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया किन स्रोतों से पानी आती है

सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि इंदौर शहर में पेयजल की आपूर्ति मुख्य रूप से तीन प्रमुख स्रोतों से होती है। इनमें नर्मदा जल योजना, यशवंत सागर बांध और बिलावली तालाब शामिल हैं। इन सोर्स से आने वाले पानी को जलूद वाटर स्टेशन सहित अन्य जल शोधन केंद्रों पर शुद्ध किया जाता है। यहां क्लोरीनीकरण और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं के बाद पानी को शहर के लगभग 108 से 110 ओवरहेड टैंकों तक भेजा जाता है। इसके बाद इन्हीं टैंकों से पाइपलाइन के जरिए अलग-अलग इलाकों में घरों तक पानी की सप्लाई की जाती है।

पिटीशन में किन किन बातों का जिक्र किया गया

वकील बागडिया ने कोर्ट को बताया कि जलूद से आने वाली वितरण लाइन में तीसरे आखिरी टैंक तक पानी पूरी तरह मानक के अनुरूप और दूषणमुक्त पाया गया। वहीं उसी लाइन के दूसरे आखिरी और आखिरी टैंक, जिनसे भागीरथपुरा इलाके में पानी सप्लाई होता है, वहां का पानी दूषित पाया गया। पिटीशन में यह भी कहा गया कि मध्य प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की रिपोर्ट में शहर के कई इलाकों के ग्राउंडवाटर में टोटल और फीकल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी दिखाई गई। इसके बावजूद बीमारी और मौतों के मामले भागीरथपुरा इलाके तक ही सीमित थे।

ओवरहेड टैंक की देखरेख के लिए पांच लोग जिम्मेदार हैं।

कोर्ट में यह भी बताया गया कि ओवरहेड टैंक की देखरेख के लिए पांच लोग जिम्मेदार हैं। इनमें तीन कर्मचारी नगर निगम के हैं, जबकि दो कर्मचारी निजी कंपनी रामकी इंडस्ट्रीज से जुड़े बताए गए हैं। इनके खिलाफ जांच हो। पोटेशियम क्लोराइड से पानी को जहरीला बनाया गया, जिससे लोग प्रभावित हुए। जांच के बाद केस दर्ज हो।

क्या मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया है? विसरा रिपोर्ट कहां है?

इस कांड को लेकर अब तक नगर निगम मौतों की ठोस वजह पता नहीं कर पाया है। पहले नर्मदा लाइन पर शौचालय बनने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में दूसरी लाइनें खराब होने और पानी मिक्स होने की बात भी अफसर कहते रहे। पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के समक्ष कहा गया है कि डेथ ऑडिट में 16 मौतें दूषित पानी से होना पाई गई हैं, बाकी मौतों का ऑडिट नहीं हो पाया है। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में अफसरों से पूछा था कि इसका आधार क्या है? क्या मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया है? विसरा रिपोर्ट कहां है? लेकिन उसका जवाब अफसर ठीक से नहीं दे पाए थे। इस बार हुई सुनवाई में भी यह सवाल अनसुलझे रहे। अब आयोग इससे जुड़े दस्तावेज संबंधित विभागों से लेकर अपनी जांच आगे बढ़ाएगा।

पश्चिमी सिंहभूम में नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

f2a3dd2fc1bc857b5f98296ef0329341 400500314

पश्चिमी सिंहभूम // जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के पिलका पंचायत अंतर्गत सरकन गांव में एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की बताई जा रही है। गुरुवार को मंझारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार खुशी बोदरा अपनी मां जेमनी बोदरा के साथ ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह आठवीं कक्षा की छात्रा थी।

पति के अत्यधिक नशा करने और घरेलू विवाद के कारण….

बताया गया कि जेमनी बोदरा की पहली शादी सरायकेला-खरसावां जिले के कोल शिमला थाना क्षेत्र में हुई थी, लेकिन पति के अत्यधिक नशा करने और घरेलू विवाद के कारण वह अपनी बेटी को लेकर मायके लौट आई थीं। कुछ समय बाद जेमनी बोदरा ने गांव के ही दोना लमाई से दूसरी शादी कर ली थी और परिवार सामान्य रूप से रह रहा था। बताया जाता है कि घटना से दो दिन पहले गांव में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। जेमनी बोदरा ने बुधवार को खुशी से सामाजिक कार्यक्रम में साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। इसके बाद जेमनी बोदरा अकेले ही वहां चली गईं।

पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दोपहर में जब जेमनी बोदरा वापस घर लौटीं और कई बार खुशी को आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर खुशी फंदे से झूलती मिली। घटना की सूचना गांव के मुंडा, मानकी और डाकूवा को दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पैतृक गांव नेमरा में ‘बाहा पर्व’ में लिया भाग, जाहेर थान में की पूजा-अर्चना

IMG 20260305 234512

रामगढ़ // झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचकर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

1004362631
सीएम हेमंत सोरेन मांदर बजाते हुए

परंपरा के अनुसार, पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया।

ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीणों के साथ अपने आवास से पदयात्रा करते हुए ‘बाहा पूजा’ के लिए जाहेर थान पहुंचे। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री ‘बाहा पर्व’ में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। उन्हें अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्रों के लोग काफी उत्साहित नजर आए। पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

सपरिवार पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे और उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Ranchi News। हाजत में मौत मामले में थाना प्रभारी सहित सात निलंबित

IMG 20260305 233715

रांची // नामकुम थाना हाजत में बंद आरोपित की मौत मामले में पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी राकेश रंजन ने मामले की जांच दूसरे क्षेत्र के पुलिस निरीक्षक बुंडू रामकुमार वर्मा को सौंपी है। साथ ही हाजत में बंद आरोपित की सुरक्षा और निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में नामकुम थाना प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

नाबालिग लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या करने का आरोप था।

इनमें थाना प्रभारी मनोज कुमार,प्रभुवन कुमार, सुधीर शर्मा, गयानंद, मुकेश ठाकुर, राहुल प्रताप सिंह शामिल है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित जगाई मुंडा पर बदले की भावना से एक नाबालिग लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या करने का आरोप था। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने साक्ष्य छिपाने की नियत से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। उसे गिरफ्तार कर नामकुम थाना के हाजत में रखा गया था।

नामकुम थानेदार सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

इसी दौरान हाजत में आरोपित की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।पुलिस प्रशासन ने यह भी बताया कि हाजत में बंद आरोपित की सुरक्षा और निगरानी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारी और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। प्राथमिक जांच के आधार पर नामकुम थानेदार सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।

महिला के साथ अवैध संबंध था और दोनों कुछ समय से नामकुम थाना क्षेत्र में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि जगाई मुंडा को एक बच्चे के अपहरण और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र के कोल्हापूर्ति गांव का रहने वाला था। उसका उसी गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध था और दोनों कुछ समय से नामकुम थाना क्षेत्र में रह रहे थे। रविवार को किसी बात को लेकर महिला और आरोपित के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपित ने बदले की भावना से महिला के 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद वह बच्चे को रामगढ़ थाना क्षेत्र के घाटो इलाके में ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे का शव भी बरामद कर लिया।

भाजपा ने नीतीश कुमार का राजनीतिक करियर समाप्त कर दिया : विनोद पांडेय

IMG 20260305 233055

रांची // बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरण को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राजनीतिक करियर समाप्त कर दिया है।

भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी की लड़ाई पहले भी थी और आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि यह बिहार की जनता के जनादेश का अपमान है। हालांकि बिहार में भाजपा की ओर से की गई साजिश को झारखंड में किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी की लड़ाई पहले भी थी और आगे भी जारी रहेगी। विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क रही है।

जनता दल (यूनाइटेड) का विलय भी भाजपा में हो सकता है।

राज्य में भाजपा की किसी भी राजनीतिक चाल को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। बिहार में भाजपा की चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश की जनता के सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस चेहरे पर बिहार की जनता ने भरोसा जताते हुए जनादेश दिया था, उसी चेहरे को राजनीति की मुख्यधारा से दूर कर दिया गया।पांडेय ने दावा किया कि बिहार में भाजपा की यह साजिश काफी पहले से चल रही थी। आने वाले समय में जनता दल (यूनाइटेड) का विलय भी भाजपा में हो सकता है।

जनगणना के लिए 4 डिजिटल टूल लॉन्च, प्रगति-विकास शुभंकर का अनावरण

IMG 20260305 232506

नई दिल्ली // केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को यहां जनगणना-2027 के लिए चार डिजिटल प्लेटफॉर्म का सॉफ्ट लॉन्च किया और प्रगति (महिला) एवं विकास (पुरुष) नामक शुभंकर का अनावरण किया।

यह दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना अभियान होगा और पहली बार पूरी जनगणना डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। साथ ही पहली बार नागरिकों को ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ यानी स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने का विकल्प भी दिया जाएगा।

सी-डैक द्वारा विकसित किए गए हैं।

सरकारी सूचना के अनुसार उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) द्वारा विकसित किए गए हैं। इनकी मदद से देशभर में जनगणना संचालन को अधिक व्यवस्थित और तकनीक-आधारित बनाया जाएगा।

जनगणना-2027 के लिए बनाए गए शुभंकर ‘प्रगति’ और ‘विकास’ एक महिला और एक पुरुष गणनाकर्मी का प्रतीक हैं। इनके माध्यम से जनगणना से जुड़ी जानकारी और संदेश आम नागरिकों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाए जाएंगे। साथ ही ये पुरुष और महिलाओं की समान भागीदारी के प्रतीक भी हैं, जो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दर्शाते हैं।

पहले 15 दिनों की वैकल्पिक स्व-गणना अवधि भी उपलब्ध होगी

सरकार ने 16 जून 2025 को राजपत्र अधिसूचना जारी कर जनगणना-2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू की थी। यह जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी और इसमें देशभर में 30 लाख से अधिक गणनाकर्मी, पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी शामिल होंगे।

पहले चरण ‘गृह-सूचीकरण एवं आवास जनगणना’ के तहत आवास की स्थिति और घरेलू सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके लिए मकान-सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य एक अप्रैल से 30 सितंबर के बीच 30 दिनों की अवधि में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा निर्धारित समय पर किया जाएगा। इस चरण से पहले 15 दिनों की वैकल्पिक स्व-गणना अवधि भी उपलब्ध होगी।

इस चरण में जाति से संबंधित प्रश्न भी शामिल किया जाएगा।

दूसरे चरण ‘जनसंख्या गणना’ के तहत फरवरी 2027 में पूरे देश में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक जानकारी दर्ज की जाएगी। इस चरण में जाति से संबंधित प्रश्न भी शामिल किया जाएगा।

जनगणना-2027 में जानकारी एकत्र करने के लिए सुरक्षित मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा संकलन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनाई जा सकेगी।

राष्ट्रीय लोक अदालत 14 को, तैयारी जोरों पर

IMG 20260305 173514

रांची // झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर न्यायायुक्त सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के मार्गदर्शन में डोर-टू-डोर जागरूकता कार्यक्रम के तहत चान्हो प्रखंड के हुटार ग्राम में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पीएलवी निलश्याम कुमार ने लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत और मध्यस्थता के बारे में जानकारी दी।उन्होंने कहा कि 14 मार्च को आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत में आप अपने वादों का निस्तारण निःशुल्क और सुलभ तरीके से करा सकते हैं। उषा कुमारी और सुमति कुमारी ने बाल श्रम, बाल अधिकार, बाल विवाह, डायन बिसाही, नशा उन्मूलन, पीड़ित मुआवजा और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के बारे में जानकारी दी।संजीत उरांव और सोनु सिंह ने डायन बिसाही की ओर फोकस करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को डायन कहकर इंगित करना भी अपराध की श्रेणी में आता है।वहीं हरिराम करमाली और अलमा एक्का ने नशा उन्मूलन पर कहा कि युवाओं को नशा से दूर रहना चाहिए।

मौके पर पीएलवी की ओर से वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन की जानकारी दी गयी। सुनीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना और जॉब कार्ड के बारे में फोकस किया। रेनु देवी ने लोक अदालत और सुजिता देवी ने मंईयां सम्मान योजना के बारे में बतायार। पीएलवी बरखा तिर्की, प्रीतम सक्सेना और पुनम देवी ने 14 मार्च को आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उक्त तिथि को लोग अपने वादों का निस्तारण मध्यस्थता के माध्यम से करा सकते हैं।