देवघर: प्रसिद्ध समाजसेवी एवं मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद प्रत्याशी संजय भारद्वाज ने रविवार को महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देवघर विधानसभा क्षेत्र के देवीपुर प्रखंड अंतर्गत बाघमारी गांव पहुंचकर कन्या पूजन किया और 501 कन्याओं के बीच नए वस्त्र वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर संजय भारद्वाज ने कहा कि नारी शक्ति की पूजा सृष्टि के आरंभ से ही होती आ रही है। निश्छल बच्चियों, विशेषकर कन्याओं की प्रसन्नता से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और मन को आत्मिक सुख मिलता है। उन्होंने कहा कि धर्म हमें मानव सेवा की प्रेरणा देता है। ऐसे सामाजिक कार्यों से भावी पीढ़ी में संस्कारों का विकास होता है। इसलिए सभी को समाजसेवा के कार्यों के लिए आगे आना चाहिए।
वर्ष 2010 से कर रहे हैं वस्त्र वितरण
संजय भारद्वाज ने बताया कि वह वर्ष 2010 से ही प्रत्येक नवरात्र में लगभग 500 जरूरतमंद कन्याओं के बीच बिना किसी भेदभाव के नए वस्त्र वितरित करते आ रहे हैं। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी कन्या पूजन एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उन्होंने बताया कि महा सप्तमी के अवसर पर मधुपुर विधानसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों और देवघर के शहरी क्षेत्रों में जरूरतमंद कन्याओं के बीच नए वस्त्र वितरित किए गए। वहीं, महाअष्टमी के दिन देवीपुर प्रखंड के बाघमारी गांव में कन्या पूजन कर वस्त्र वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कन्याओं को नए वस्त्र पहनाकर उनका पूजन किया गया और आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
इस सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में शोभा नाथ नरौने, अरविंद सिंह यादव, प्रदीप यादव, रमन भारद्वाज, छोटू यादव, धीरन राउत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सहयोग किया।
