रांची // राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में शनिवार को बादल छाए रहे। बादल छाने से अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं दोपहर में बादल के कारण धूप में तपिश महसूस नहीं हुई।यह जानकारी शनिवार को मौसम विभाग ने दी।
नौ मार्च को जिन जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है 👇👇👇
उल्लेखनीय है कि नौ और दस मार्च को राज्य के उत्तर पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार नौ मार्च को जिन जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है उनमें हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल है। वहीं 10 मार्च को जिन जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है उनमें बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल है।
सबसे अधिक तापमान सरायकेला सबसे कम गुमला में
पिछले 24 घंटे को दोनों राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.7 डिग्री और सबसे कम तापमान 16.2 डिग्री गुमला में रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह में मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। वहीं, शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में अधिकतम 33.2 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.8 और न्यूनतम 22 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.1 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
नई दिल्ली // पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आयात होने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 6 llm0 रुपये और वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की वृद्धि की गई है। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर में पिछले 11 महीने में दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में अब गैर-सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। यह पिछले 11 महीने में दूसरी बार बढ़ोतरी है। इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी।
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा बाजार में तेजी के कारण गैस की लागत बढ़ी है, जिसके चलते कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आयात होने वाली तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति पर पड़ रहे असर को भी इसकी एक वजह माना जा रहा है।
आईओसी के अनुसार, अलग-अलग राज्यों में स्थानीय बिक्री कर या मूल्य वर्धित कर (वैट) की दरों के आधार पर एलपीजी की कीमतों में अंतर होता है। नई दरों के अनुसार मुंबई में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये का हो गया है। नोएडा में भी घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली के बराबर 913 रुपये हो गई है।
इससे पहले एक मार्च को भी 28 रुपये की वृद्धि की गई थी।
होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद नई दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 1,883 रुपये हो गई है। इससे पहले एक मार्च को भी 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में 28 रुपये की वृद्धि की गई थी।
नए दामों के अनुसार, मुंबई में 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक सिलेंडर 1,835 रुपये में मिलेगा, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत बढ़कर 1,990 रुपये और चेन्नई में 2,043.50 रुपये हो गई है। इस वर्ष अब तक वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कुल 302.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत जारी रहेगी। योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन पाने वाले 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को साल में 12 सिलेंडर तक प्रति सिलेंडर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी।
धनबाद // देश का सबसे कमाऊ रेल मंडल ईस्ट सेंट्रल रेलवे का धनबाद रेल मंडल, जहां डीआरएम कार्यालय पर शुक्रवार की शाम धनबाद सीबीआई की एक विशेष टीम ने छापेमारी कर वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
सीबीआई की यह कार्रवाई रेल संवेदक अवजीत झा के शिकायत पर की गई है। बताया जा रहा है कि धनबाद रेलवे में शिकायतकर्ता संवेदक के द्वारा इलेक्ट्रिक के सामान लगाए गए थे, जिसका बिल करीब 45 लाख रुपये का बताया जा रहा है, उसी बिल के भुगतान के एवज में गिरफ्तार अभियंता के जरिए घूस की मांग की जा रही थी। जिसकी शिकायत संवेदक ने सीबीआई से कर दी।
सीबीआई ने कई दस्तावेज, डिजिटल एविडेंस और प्रिंटर जब्त कर अपने साथ ले गई है।
वहीं, शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने आज अभियंता संजीव कुमार को नाटकीय ढंग से 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सीबीआई की टीम देर रात तक गिरफ्तार अभियंता के कार्यालय और आवास को खंगालती रही। इस दौरान सीबीआई ने कई दस्तावेज, डिजिटल एविडेंस और प्रिंटर जब्त कर अपने साथ ले गई है।
वहीं, इस दौरान सीबीआई टीम की अगुवाई कर रहे डीएसपी विकास कुमार पाठक ने महज दो शब्दों में कहा कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज होगी।
चंडीगढ़ // पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पत्रकार हत्याकांड में बरी कर दिया है। यह फैसला शनिवार सुबह चीफ जस्टिस शील नागू तथा जस्टिस वीरेंद्र अग्रवाल की खंडपीठ ने सुनाया।
हाईकोर्ट का यह फैसला सीबीआई कोर्ट द्वारा करीब सात साल पहले पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में दोषी ठहराए जाने के बाद सुनाया गया है। रामचंद्र छत्रपति की हत्या वर्ष 2002 में हुई थी। लंबी जांच के बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया। जिसने राम रहीम और दूसरों पर हत्या का मुकदमा चलाया। राम रहीम अभी दूसरे मामलों में जेल की सज़ा काट रहा है, जिसमें रेप और दूसरे अपराधों से जुड़े आरोप शामिल हैं।
सबसे पहले साध्वी यौन शोषण हत्याकांड की खबर उन्होंने अपने लोकल अखबार में प्रकाशित की थी।
हाई कोर्ट का नया फैसला लंबे समय से चल रहे छत्रपति मर्डर केस में एक बड़ा कानूनी मोड़ है। इस मामले की सीबीआई जांच के बाद वर्ष 2019 में दोषी ठहराया गया था। रामचंद्र छत्रपति सिरसा से अपना एक अखबार निकालते थे। उन्होंने डेरा से जुड़े कई समाचार प्रमुखता से उठाए थे। सबसे पहले साध्वी यौन शोषण हत्याकांड की खबर उन्होंने अपने लोकल अखबार में प्रकाशित की थी। जिसके कुछ समय बाद उनकी हत्या कर दी गई। हाईकोर्ट ने शनिवार को राम रहीम को इस मामले में बरी करते हुए तीन अन्य कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह व कृष्णलाल की अपील खारिज कर उनकी सजा को बरकरार रखा है।
रांची // संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में झारखंड के कई अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर राज्य और अपने-अपने शहरों का नाम रोशन किया है।
राजधानी रांची के इस्तियाक रहमान ने ऑल इंडिया रैंक 354 हासिल किया
राजधानी रांची के डोरंडा स्थित मानिटोटोला, फिरदौस नगर के निवासी इस्तियाक रहमान ने भी इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 354 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से रांची शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।
इस्तियाक रहमान की सफलता पर सामाजिक संगठन फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने प्रेस बयान जारी कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस्तियाक रहमान की सफलता रांची के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि इस्तियाक रहमान पिछले लगभग छह महीनों से मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के अंतर्गत हैदराबाद एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। अब यूपीएससी में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपने परिवार, समाज और पूरे रांची शहर को गौरवान्वित किया है।
बच्चों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करें
तनवीर अहमद ने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि अगर युवा मेहनत, लगन और सही दिशा में तैयारी करें तो वे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस्तियाक रहमान की सफलता उन छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने रांची के छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि भविष्य में और भी युवा देश की सर्वोच्च सेवाओं में जाकर समाज और देश की सेवा कर सकें।
दुमका की सुदीपा दत्ता ने 41 वीं रैंक हासिल कर राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है
इस बार झारखंड के दुमका की सुदीपा दत्ता ने 41 वीं रैंक हासिल कर राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। यह उनका तीसरा प्रयास था। सुदीपा ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी दुमका में रहकर ही की और शहर की स्टेट लाइब्रेरी में पढ़ाई कर इस मुकाम तक पहुंचीं।उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता सहायक पोस्टमास्टर हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। इससे पहले सुदीपा का चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से सीडीपीओ पद पर भी हो चुका है।
लातेहार जिले के बिपुल गुप्ता ने 103 वीं रैंक हासिल कर
वहीं लातेहार जिले के महुआडांड़ प्रखंड के चटकपुर गांव के बिपुल गुप्ता ने 103 वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस ) के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। विपुल पवन कुमार गुप्ता और दीपा गुप्ता के पुत्र हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने 368 वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उनका चयन भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में हुआ था। हालांकि उनका लक्ष्य आईएएस बनना था, जिसे उन्होंने इस बार अपनी कड़ी मेहनत से पूरा कर लिया। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया और परिवार सहित ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।
साहिबगंज में दर्जी का बेटा निहारिका सिन्हा ने 365 वीं रैंक हासिल किया
इसी तरह साहिबगंज की निहारिका सिन्हा ने भी यूपीएससी परीक्षा में 365 वीं रैंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। कुलीपाड़ा निवासी निहारिका के पिता निरंजन सिन्हा पेशे से दर्जी हैं, जबकि माता शबनम कुमारी स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध पर नर्स हैं।
निहारिका ने 2018 में संत जेवियर स्कूल, साहिबगंज से दसवीं और 2020 में रांची के जवाहर विद्या मंदिर श्यामली से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कोलकाता के संत जेवियर कॉलेज से राजनीति शास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की।वर्ष 2024 में पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन दूसरे प्रयास में 365वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपने माता-पिता के सपनों को साकार किया।
धनबाद जिले से जुड़ी श्रुति मोदी ने 569वीं रैंक हासिल किया
वह बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं
इधर, धनबाद जिले से जुड़ी श्रुति मोदी ने भी यूपीएसी में 569वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। श्रुति के पिता सीताराम मोदी और माता सुषमा मोदी हैं। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) से बीकॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं और नौकरी के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। उनकी सफलता पर वर्णवाल सेवा समिति बाघमारा सहित परिवार और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है
देवघर // पुलिस ने मधुपुर स्थित एचडीएफसी बैंक में हुई चार करोड़ से अधिक की डकैती के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद मधुपुर पुलिस लगातार बिहार एसटीएफ के संपर्क मे थी, सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिहार के वैशाली जिले के शातिर बदमाश विपीन कुमार राय को मधुपुर से गिरफ्तार कर लिया।
अब तक कुल 12 की हुई गिरफ्तारी
आरोपी मधुपुर जेल में बंद अपने साथी से मिलने आया था, इसका उद्देश्य अपने हिस्से का पैसे के जानकरी लेना था, जहाँ पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार होने वाले अपराधियों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है। यह सभी आरोपी मुख्य रूप से बिहार के वैशाली जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना में प्रयुक्त हथियारों एवं लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच जारी है
गिरफ्तार आरोपी विपीन कुमार राय इस अंतरराज्यीय शातिर गिरोह का एक अहम सदस्य है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के सबूत मिले हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने गिरोह की कमर तोड़ दी है। देवघर पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों से पूछताछ और घटना में प्रयुक्त हथियारों एवं लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आगे की जांच जारी है।
22 सितंबर 2025 को घटना को दिया था अंजाम
22 सितंबर 2025 को मधुपुर के राजबाड़ी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने डकैती डाली। कांड संख्या मधुपुर थाना 146/25 लूट की राशि बैंक से 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और सोना लूट लिया गया। गिरफ्तारियाँ इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नवीनतम गिरफ्तारी वैशाली (बिहार) के विपीन कुमार राय की हुई है। इससे पहले बिहार एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने 11 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया था।
यह एक अंतरराज्यीय शातिर गिरोह है
यह एक अंतरराज्यीय शातिर गिरोह है जिसका नेटवर्क झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा और हरियाणा तक फैला हुआ है। पिछली 11 गिरफ्तारियों के दौरान पुलिस ने लगभग साढ़े पांच लाख रुपये नकद, एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां, दो एटीएम, एक स्कोडा कार, दस मोबाइल फोन, एक नकाब और एक चोरी की बाइक बरामद की थी।
हजारीबाग // जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात आपसी रंजिश के चलते हुई घटना में दो लोगों की मौत हो गई।इस दौरान घर के किनारे खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी गई। इस वारदात में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में देर रात कुछ अज्ञात अपराधी स्कॉर्पियो से पहुंचे और रोहित साव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के अस्पतालों में भर्ती कराया गया
घटना में गंभीर रूप से घायल रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई। हमला करने के बाद अपराधी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से भागने लगे। इस दौरान उनकी गाड़ी की चपेट में प्रदीप कुमार साव नामक एक अन्य व्यक्ति आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गाड़ी की टक्कर से महेंद्र साव, सागर कुमार और राजू साव सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मृतक रोहित साव का नाम कोयला कारोबार से जुड़ा था
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस स्कॉर्पियो से अपराधी भाग रहे थे, उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि, घटना के बाद पुलिस ने उस बोर्ड को हटा दिया। भागने के दौरान अपराधियों की स्कॉर्पियो एक बिजली के खंभे से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पास के एक घर के पास जाकर पलट गई। इसके बावजूद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते वक्त अपराधियों ने गांव में खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक रोहित साव का नाम कोयला कारोबार से जुड़ा था। इस कारण इस घटना को आपसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना गुटीय संघर्ष है या आपसी रंजिश का परिणाम या दुर्घटना है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बड़कागांव चौक पर सड़क जाम कर दिया है।
नई दिल्ली // संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए। इन चरणों के आधार पर कुल 958 अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
परीक्षा परिणाम के अनुसार शीर्ष दस स्थानों पर चयनित अभ्यर्थिय की सूची
इन अभ्यर्थियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) तथा अन्य केंद्रीय सेवाओं के समूह ‘ए’ और ‘बी’ में नियुक्ति के लिए चुना गया है। परीक्षा परिणाम के अनुसार शीर्ष दस स्थानों पर चयनित अभ्यर्थियों में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर अकांश धुल रहे। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला, पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर, छठे स्थान पर जिन्निया अरोरा, सातवें स्थान पर ए.आर. राजाह मोहाइदीन, आठवें स्थान पर पक्षाल सेक्रेट्री, नौवें स्थान पर आस्था जैन और दसवें स्थान पर उज्ज्वल प्रियांक रहे।
देखिए किस श्रेणी के कितने उम्मीदवार
आयोग के अनुसार कुल चयनित 958 उम्मीदवारों में सामान्य वर्ग के 317, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 104, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 306, अनुसूचित जाति (एससी) के 158 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 73 अभ्यर्थी शामिल हैं। सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई रिक्तियों के अनुसार विभिन्न सेवाओं में कुल 1087 पदों पर नियुक्ति की जानी है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा के 180, भारतीय विदेश सेवा के 55, भारतीय पुलिस सेवा के 150, केंद्रीय सेवाओं के समूह ‘ए’ के 507 और समूह ‘बी’ सेवाओं के 195 पद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त आयोग ने नियमों के अनुसार एक समेकित आरक्षित सूची भी तैयार की है, जिसमें सामान्य वर्ग के 129, ईडब्ल्यूएस के 26, ओबीसी के 86, एससी के 8 और एसटी के 6 उम्मीदवार शामिल हैं।आयोग ने बताया कि विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई रिक्तियों तथा सिविल सेवा परीक्षा नियमों के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी।
देवघर // पुलिस की मिली बड़ी सफलता जिला के पथरौल थाना अंतर्गत ग्राम झिलुवा से एक साइबर आरोपी को किया गिरफ्तार। गिरफ्तार साइबर आरोपी साजिद अंसारी के पास से पुलिस ने 1 मोबाइल 10 सिम कार्ड के साथ तीन लाख बेरासी हजार तीन सौ बीस रुपया नगद भी बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की अपराध शैली निम्न
1. गूगल पर अपना फर्जी मोबाईल नंबर कस्टमर केअर के नाम से अपलोड कर साइबर ठगी करना।
2. फर्जी Phonpe /Paytm Customer Care पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को Cash Backका झांसा देकर Phonpe Gift Card Create करवाकर उसे Redeem कर ठगी करना।
3. साइबर अपराधियों को फर्जी सिम उपलब्ध कराना तथा ठगी किये गये पैसों की निकासी कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाना।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता
1. साजिद अंसारी, उम्र 28 वर्ष, पिता स्व० रहीम मियां, सा० जगाडीह, थाना-करौं, जिला देवघर
देवघर // संघ लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में देवघर जिले से सटे बांका जिले के कोल्हासर गांव निवासी देवनारायण यादव के पुत्र चिरंजीवी कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 755 प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है। यूपीएससी का अंतिम परिणाम आज जारी किया गया, जिसमें कुल 958 उम्मीदवारों को आईएस , आईपीएस , आईएफएस सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए अनुशंसित किया गया है। टॉप रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त किया है। चिरंजीवी कुमार की यह सफलता कठिन परिश्रम, लगन और सही दिशा में प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मेहनत और समर्पण से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।
शैक्षणिक यात्रा चिरंजीवी कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अद्वैत मिशन हाई स्कूल, शिवधाम से पूरी की। उन्होंने 12वीं कक्षा रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ, देवघर से उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए वे दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज में स्नातक की डिग्री हासिल की। उनकी यह शैक्षणिक पृष्ठभूमि उनकी सफलता की मजबूत नींव साबित हुई। परिवार और स्थानीय लोगों ने चिरंजीवी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है।
स्थानीय लोगों ने कहा, “यह हमारे गांव और जिले के लिए बहुत बड़ी बात है। चिरंजीवी ने साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। यूपीएससी की इस परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति मिलेगी, और चिरंजीवी कुमार भी जल्द ही अपनी पसंद की सेवा में शामिल होंगे। बांका जिला प्रशासन और स्थानीय शिक्षा जगत ने भी चिरंजीवी कुमार को बधाई दी है तथा उन्हें जिले का गौरव बताया है।
भुवनेश्वर // ओडिशा के सहकारिता मंत्री प्रदीप बल सामंत ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बीजू जनता दल (BJD) राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति बचाने के लिए कांग्रेस के साथ हाथ मिला रही है।भुवनेश्व में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि बीजेडी की राजनीतिक स्थिति हाल के समय में कमजोर हुई है और पार्टी लगातार नीचे की ओर जा रही है।
“बीजेडी की नाव डूब रही है, इसलिए उसने सहारे के लिए कांग्रेस का हाथ थाम लिया है
उन्होंने कहा, “बीजेडी अपनी स्थिति बचाने के लिए कांग्रेस के साथ खड़ी हुई है। यह समय और परिस्थिति के अनुसार लिया गया राजनीतिक फैसला है। वर्तमान में बीजेडी की स्थिति अच्छी नहीं है और वह लगातार कमजोर हो रही है। ”मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कठिन राजनीतिक परिस्थितियों के कारण बीजेडी कांग्रेस का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, “बीजेडी की नाव डूब रही है, इसलिए उसने सहारे के लिए कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।
बीजेडी को अवसरवादी दल बताया
बीजेडी एक अवसरवादी दल है, जो जहां उसे सुविधा दिखाई देती है, वहीं खड़ा हो जाता है। ”उन्होंने यह भी कहा कि दोनों दलों के बीच किसी प्रकार का समझौता होने के बावजूद उनकी विचारधारा और सिद्धांत कभी एक नहीं हो सकते। राज्यसभा चुनाव को लेकर विश्वास व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा ने पहले ही जीत सुनिश्चित कर ली है और पार्टी इस चुनाव में सफल होगी।
पलामू // जिले के हुसैनाबाद पुलिस ने जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुप्त सूचना के आधार पर एक झोपड़ी होटल में छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ होटल मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है।
होटल में मौजूद व्यक्ति से हुई पूछताछ
हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस.मोहम्मद याक़ूब ने शुक्रवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली कि जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक झोपड़ी होटल का मालिक अपने पास अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है। कार्रवाई के लिए एक छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर होटल में तलाशी अभियान चलाया। होटल में मौजूद एक व्यक्ति को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़कर पूछताछ की गई।
काउंटर की तलाशी में हथियार
पूछताछ में उसने अपना नाम रामाकांत सिंह (42) बताया। वह बिहार के औरंगाबाद मुंगिया थाना क्षेत्र के टंडवा का रहने वाला है। तलाशी के दौरान आरोपित ने बताया कि वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री करता है और अपने होटल में एक देशी कट्टा और जिंदा गोली छिपाकर रखा है। पुलिस ने काउंटर की तलाशी ली तो अंदर से एक देशी कट्टा तथा एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस ने बरामद हथियार और गोली को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पलामू // जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में गुरुवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच03एके 9073) अनियंत्रित होकर मिट्टी के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इससे घर के मलबे में दबकर 70 वर्षीय पांचो कुंवर की मौत हो गई।
गाड़ी अनियंत्रित होकर एक कच्चे मकान में घुस गई
घटना के समय महिला कमरे में सोई हुई थी। मलबे में दबकर एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। चालक नशे में था। उसे हिरासत में ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात लेस्लीगंज के जगतपुरवा मोड़ और तरहसी के बेदानी के बीच एक स्कॉर्पियो जा रही थी। अचानक विशुनपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर एक कच्चे मकान में घुस गई और अंदर तक चली गई। मिट्टी का मलबा गिरने से कमरे में सोई पांचो कुंवर दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घर के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार और चालक के नशे में रहने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ
परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार और चालक के नशे में रहने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी आनंद कुमार राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। वहीं वाहन चालक का इलाज कराकर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया एवं परिजनों को सौंप दिया है।
इधर एमएमसीएच पुलिस चौकी की टीम भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया एवं परिजनों को सौंप दिया है। इधर जानकारी मिली है कि सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के कसियाडीह तुंबागड़ा इलाके से स्कार्पियो सवार तिलक समारोह में शामिल होने के लिए तरहसी थाना क्षेत्र के काजी पकरी गांव में ललन सिंह के घर जा रहे थे। स्कॉर्पियो में चालक सहित पांच लोग सवार थे।
गिरिडीह // नगर थाना इलाके स्थित हुट्टीबाजार – दास मुहल्ले में डीजे बजाने को लेकर हिंसक विवाद हुआ । इसमें चार युवकों ने तीन सगे भाईयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया । इस घटना में अजय दास ( 30 ) की मौके पर ही मौत हो गई। एवं उसके दो अन्य भाई गंभीर रुप से घायल हो गए । दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि होली बीतने के दूसरे दिन गुरुवार की देर रात डीजे बजाने को लेकर पहले बच्चों में विवाद हुआ ।
झड़प के दौरान युवकों ने तीन सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
इसमें दो पड़ोसी आपस में भीड गये । झड़प के दौरान युवकों ने तीन सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें अजय दास की मौत हो गई। घटना में दो अन्य भाई राजेश दास , प्रदुम्न दास गंभीर रूप से जख्मी हो गए।इस घटना में रॉबिन दास, रोनित दास, रोहित और रवि दास सहित एक अन्य युवक शामिल है। घटना के बाद सारे आरोपित फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के शव को सदर अस्पताल लाया गया। जबकि सूचना मिलते ही डीएसपी नीरज सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे ।
डीएसपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से घटना की जानकारी ली गई है। इस संबंध में नगर थाना प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर देर रात से ही छापेमारी की जा रही है। सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रांची // झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस बार ग्लैक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें रातू रोड स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली।
कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। पुलिस और बीडीएस टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली। मॉल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि, कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी गई है। पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इससे पहले रांची सिविल न्यायालय और समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
डीएसपी ने बताया कि पूरे परिसर की जांच की गई है और मामले की तकनीकी जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रांची में इसी तरह की धमकी का मामला सामने आ चुका है। कुछ समय पहले रांची सिविल न्यायालय और समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। हालांकि, उस मामले में भी व्यापक तलाशी अभियान के बावजूद कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी।