झारखंड की आवाज

Jharkhand Weather। 6 से 8 मार्च तक आंशिक बादल छाने से तापमान में हल्की गिरावट के आसार -

Jharkhand Weather। 6 से 8 मार्च तक आंशिक बादल छाने से तापमान में हल्की गिरावट के आसार

रांची // झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 6 से 8 मार्च तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में हल्की कमी आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार….

मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय क्षेत्र से लेकर विदर्भ होते हुए पश्चिम बंगाल के गंगा नदी से जुड़े इलाकों, ओडिशा के आंतरिक हिस्सों और दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका प्रभाव झारखंड समेत आसपास के राज्यों पर भी पड़ सकता है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान हजारीबाग में 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम गति की हवाएं चलीं। दोपहर में धूप की तपिश महसूस की गई, हालांकि हवाओं के चलने से गर्मी अपेक्षाकृत कम लगी।

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 15.7 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 21.4 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 16.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 18.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

Leave a Reply