झारखंड की आवाज

- Page 3 of 145 -

देवघर के पत्रकार चमन कुमार के घर इनकम टैक्स की छापेमारी, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

IMG 20260704 204101

देवघर // के पत्रकार चमन कुमार के बैजनाथपुर स्थित आवास और मोहनपुर प्रखंड के बलथर गांव स्थित पैतृक घर पर शनिवार को आयकर (इनकम टैक्स) विभाग की टीम ने घंटों तक छापेमारी की। कार्रवाई के बाद पूरे दिन सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।


भागलपुर और धनबाद की टीम ने की जांच

मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर और धनबाद से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे छापेमारी शुरू की। बैजनाथपुर स्थित आवास पर दोपहर करीब 3 बजे तक और बलथर गांव स्थित घर पर शाम करीब 5 बजे तक जांच चली। इस दौरान पत्रकार चमन कुमार और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई तथा विभिन्न दस्तावेजों की जांच की गई।


घर के कोने-कोने की हुई तलाशी

स्थानीय लोगों के अनुसार जांच टीम ने घर के लगभग हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली। ग्रामीणों का कहना है कि जांच के दौरान घर के सामान से लेकर पुआल और गोइठा तक की भी जांच की गई।


सोशल मीडिया पर फैली कई तरह की चर्चाएं

छापेमारी के दौरान सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह दावा किया गया कि बलथर पंचायत के मुखिया के यहां छापेमारी हो रही है और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई मुखिया के आवास पर नहीं, बल्कि उनके भतीजे एवं पेशे से पत्रकार चमन कुमार के घर पर की गई।


बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

स्थानीय सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान किसी बड़ी बरामदगी की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए बरामदगी या कार्रवाई के उद्देश्य को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।


विभाग के आधिकारिक बयान पर टिकी निगाहें

छापेमारी के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे नियमित जांच बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पत्रकार को डराने की कार्रवाई बता रहे हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की निगाहें आयकर विभाग के आधिकारिक बयान और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं।

अस्पताल में युवक की मौत पर बवाल, युवा राजद ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन

IMG 20260704 191131 scaled

रांची // स्थित राज अस्पताल में इलाज के दौरान लातेहार निवासी 18 वर्षीय राजू कुमार रंजन की कथित चिकित्सीय लापरवाही से हुई मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में युवा राजद ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।


युवा राजद ने सरकार से की निष्पक्ष जांच की मांग

युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने कहा कि यदि चिकित्सीय लापरवाही के कारण युवक की मौत हुई है तो दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के नाम विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया है।


डेढ़ महीने इलाज, 18 लाख रुपये खर्च, फिर भी नहीं बची जान

रंजन कुमार यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पैर टूटने के बाद राजू कुमार रंजन को बेहतर इलाज के लिए राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार इलाज पर लगभग 18 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन ऑपरेशन के बाद संक्रमण लगातार बढ़ता गया। पहले पैर काटना पड़ा और अंततः युवक की मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


‘स्वास्थ्य सेवा व्यापार नहीं, मानवता की सेवा है’

प्रेस वार्ता में रंजन कुमार यादव ने आरोप लगाया कि राज्य के कई निजी अस्पताल सेवा के बजाय मुनाफाखोरी का केंद्र बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों से लाखों रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन कई मामलों में अपेक्षित चिकित्सा सुविधा और जवाबदेही नहीं दिखाई देती। मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।


ज्ञापन में उठाई गईं ये प्रमुख मांगें

युवा राजद ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखीं—

  • राज अस्पताल मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच।
  • चिकित्सीय लापरवाही साबित होने पर दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर कठोर कानूनी कार्रवाई।
  • अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई।
  • राज्य के सभी निजी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण।
  • शव रोककर आर्थिक दबाव बनाने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई।
  • पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और शीघ्र न्याय।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के त्वरित संज्ञान का स्वागत

युवा राजद ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी द्वारा मामले में तत्काल जांच के निर्देश दिए जाने का स्वागत किया। पार्टी ने उम्मीद जताई कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।


‘यह सिर्फ एक परिवार नहीं, पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था का सवाल’

रंजन कुमार यादव ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार की पीड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। सरकार को ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी मरीज के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।


प्रेस वार्ता में ये नेता रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में राजद प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव, प्रदेश महासचिव कमलेश यादव, युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष क्षितिज मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष मंतोष यादव तथा रवि जायसवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।

— BKD News Jharkhand

घोरमारा में जीएसटी पंजीकरण शिविर आयोजित, व्यापारियों को दी गई कर संबंधी जानकारी

IMG20260704140431 scaled
1000185348

देवघर // घोरमारा स्थित शिव मंदिर धर्मशाला में जीएसटी पंजीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों ने भाग लिया और जीएसटी से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।देवघर जिले के घोरमारा स्थित शिव मंदिर धर्मशाला में वाणिज्य कर विभाग की ओर से जीएसटी पंजीकरण (GST Registration) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र व्यवसायियों को जीएसटी के तहत पंजीकरण के लिए प्रेरित करना तथा कर संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देना था।

इस अवसर पर ये मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और जीएसटी पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।शिविर में मौजूद कई दुकानदारों ने जीएसटी पंजीकरण को लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया और विभाग की इस पहल की सराहना की। अधिकारियों ने पात्र व्यवसायियों से समय पर जीएसटी पंजीकरण कराने और कर संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की। मौके पर राजस्व सहायक आयुक्त सुदामा कुमार, राजस्व पदाधिकारी शैलेश कुमार श्रीवास्तव तथा विभाग के पी.सी. झा सहित अन्य कर्मी

झारखंड-बिहार के अधिकारियों की हाई लेवल बैठक, सुरक्षा और समन्वय पर बड़ा फैसला

1005002173

देवघर सावन मेला 2026।

देवघर// राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को देवघर परिसदन सभागार में झारखंड और बिहार के अधिकारियों की अंतरराज्यीय समन्वय (इंटर स्टेट को-ऑर्डिनेशन) बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संथाल परगना आयुक्त संजय कुमार ने की। इस दौरान देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने दोनों राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया।


24×7 समन्वय के लिए व्हाट्सएप और AI तकनीक का होगा इस्तेमाल

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावणी मेला के दौरान दोनों राज्यों के अधिकारी व्हाट्सएप ग्रुप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सूचना प्रणाली के माध्यम से 24 घंटे जुड़े रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति या सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सुल्तानगंज से देवघर तक श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

संथाल परगना आयुक्त ने कहा कि सुल्तानगंज से देवघर तक पूरे कांवरिया मार्ग पर पड़ने वाले सभी जिलों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।


होल्डिंग प्वाइंट और टेंट सिटी में होंगी सभी मूलभूत सुविधाएं

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में कई होल्डिंग प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। यहां बिजली, पंखा, शौचालय, स्नानघर, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और मोबाइल चार्जिंग जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए टेंट सिटी भी तैयार की जा रही है।

1005002086

छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में निर्णय लिया गया कि छोटे बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के साथ उनका नाम, पता और मोबाइल नंबर अवश्य रहे। इसके लिए दोनों राज्यों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि खो जाने की स्थिति में उन्हें जल्द परिजनों से मिलाया जा सके।


सीमावर्ती जिलों के बीच रहेगा मजबूत तालमेल

भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, गोड्डा, देवघर और दुमका सहित सभी सीमावर्ती जिलों के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के बीच लगातार सूचना का आदान-प्रदान होगा। अंतरराज्यीय सीमाओं पर सघन गश्ती, चेकपोस्ट और निगरानी बढ़ाई जाएगी।


रविवार और सोमवार की भीड़ को लेकर विशेष तैयारी

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की संभावना है। इसे देखते हुए विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि श्रद्धालुओं का सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण कराया जा सके।


डबल डेकर कांवरिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक

बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए कहा गया कि डबल डेकर कांवरिया वाहनों का देवघर जिला सीमा में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बिहार के सीमावर्ती जिलों से भी अनुरोध किया गया कि ऐसे वाहनों को सीमा पर ही रोका जाए तथा किसी भी वाहन की छत पर श्रद्धालुओं को बैठाकर आने की अनुमति नहीं दी जाए।


श्रावणी मेला 2026 में VIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन नहीं

राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष वीआईपी पूजा और आउट ऑफ टर्न दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इससे आम श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के सुगमता से बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण करने का अवसर मिलेगा।


बासुकीनाथ मेला और सुरक्षा व्यवस्था पर भी हुई समीक्षा

बैठक में दुमका उपायुक्त ने बासुकीनाथ श्रावणी मेला की तैयारियों की जानकारी दी। वहीं गोड्डा, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने जिलों में चल रही तैयारियों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा प्रस्तुत की।


पीपीटी के माध्यम से बताई गई देवघर की तैयारी

बैठक की शुरुआत अनुमंडल पदाधिकारी देवघर सदर रवि कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से की। इसमें श्रावणी मेला-2026 के लिए रूटलाइनिंग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, आवासन, पेयजल, शौचालय, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।


दोनों राज्यों के अधिकारी रहेंगे चौबीसों घंटे सक्रिय

बैठक में यह भी तय किया गया कि झारखंड और बिहार के सभी संबंधित अधिकारी पूरे श्रावणी मेला अवधि के दौरान 24×7 संपर्क में रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य विभागों की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।


बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और प्रत्यक्ष रूप से भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, देवघर, दुमका और गोड्डा के आयुक्त, उपायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, आईजी, डीआईजी, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, यातायात पुलिस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

— BKD News Jharkhand

अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद , 3 गिरफ्तार

IMG 20260704 155829

देवघर // पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह चोरी की बाइक को कम कीमत में बेचकर अवैध कमाई करता था।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने नगर थाना क्षेत्र के एक स्कूल मैदान में छापेमारी की। मौके से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में गिरोह के कई सदस्यों और चोरी की मोटरसाइकिलों के नेटवर्क का खुलासा हुआ।

तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बेचने का चलता था संगठित नेटवर्क

बाइक जब्त, कई थानों के कांडों से जुड़ा मामला । पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुई बाइक शामिल होने की पुष्टि की है। बरामद वाहनों का सत्यापन किया जा रहा है और संबंधित मामलों से उनका मिलान किया जा रहा है। कुछ मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर भी बदले गए पाए गए हैं।

पुलिस ने जनता से की अपील

देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना वैध दस्तावेज के कोई भी वाहन न खरीदें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या चोरी के वाहन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बरामद मोटरसाइकिल का विवरण

  • काला पीला रंग का सुपर स्पलेण्डर मोटर साईकिल रजि० नं0- JH21K-3926 एवं चेचिस नं0-MBLJAW17XL9G65233 (मधुपुर थाना काण्ड संख्या-75/26, उद्दभेदित)
  • 2- अपाची मोटर साईकिल नं0.JH15L-6483, चेचिस नं0- MD634KE62F2A1499, (मधुपुर थाना काण्ड संख्या-54/26, उद्दभेदित)
  • 3-प्लसर मोटर साईकिल नं0-JH21N-0306 चेचिस नं0- MD2D64BX1NRC31708
  • 4- सुपरस्पेंलेडर मोटर साईकिल बिना नम्बर चेचिस नं0- MBLJAR039J9A46832 (नाला थाना काण्ड संख्या-36/26, उद्दभेदित)
  • 5- ग्लैमर मोटर साईकिल बिना नम्बर, चेचिस नं0- MBLJAR023JGK58755
  • 6- पेशन प्रो० मोटर साईकिल बिना नम्बर चेचिस नं0- MBLHA10BSGHL06484
  • 7- स्पेंलेडर प्लस मोटर साईकिल बिना नम्बर, चेचिस नं0- MBLHAR085JHJ61103
  • 8- स्पेंलेडर प्लस मोटर साईकिल बिना नम्बर, चेचिस नं0- MBLHAR088JHA775069- बिना नम्बर चेचिस नम्बर रगड़ा हुआ एवं इंजन नम्बर रगडा हुआ एचएफ डिलेक्स मोटर साईकिल

गिरफ्तार आरोपी का नाम पता

  • 1. संजय चार उम्र करीब 32 वर्ष, पिता- सुबोध चार, सा०- खामारबाद, थाना बिन्दापाथर, जिला- जामताड़ा ।
  • 2. धीरेन मंडल उम्र करीब 21 वर्ष, पिता सुनिल मंडल सा०- जसोबाँध, थाना- पथरौल, जिला- देवघर।
  • 3. केदार मंडल उम्र करीब 38 वर्ष, पिता- सिद्ध मंडल, सा०- बडबाड़, थाना- चितरा, जिला- देवघर ।

श्रावणी मेला-2026 : बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर बड़े फैसले

IMG 20260704 071453

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर

देवघर | BKD News Jharkhand । राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, बाबा मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

गर्भगृह में मोबाइल के उपयोग पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध

बैठक के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं द्वारा मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव को उपस्थित अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों एवं प्रबुद्धजनों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। प्रशासन का मानना है कि इससे मंदिर की गरिमा बनी रहेगी और पूजा-अर्चना अधिक व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगी।

सालभर बाह्य अर्घा स्थापना के प्रस्ताव को मिली सर्वसम्मति

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में पूरे वर्ष बाह्य अर्घा स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी सर्वसम्मति बनी। इससे सामान्य दिनों में भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

सुगम जलार्पण, क्राउड मैनेजमेंट और शीघ्र दर्शन व्यवस्था पर विशेष फोकस

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम जलार्पण की सुविधा मिल सके। बैठक में क्राउड मैनेजमेंट, शीघ्र दर्शन व्यवस्था और वीआईपी पूजा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

1004999809
पंडा धर्मरक्षणी सभा के सदस्यों के साथ बैठक करते देवघर उपायुक्त एवं अन्य पदाधिकारी

नए फुटओवर ब्रिज, क्लॉक रूम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा

बैठक में नए फुटओवर ब्रिज के निर्माण, आधुनिक क्लॉक रूम, सुरक्षित आवागमन, पेयजल, कतार प्रबंधन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी विस्तृत मंथन हुआ। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने सौंपा ज्ञापन, दिए महत्वपूर्ण सुझाव

पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री निर्मल झा एवं अन्य पदाधिकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मंदिर व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा और बाबा मंदिर की गरिमा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक के अंत में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और बाबा मंदिर की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि श्रावणी मेला-2026 का सफल और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

लोहरदगा में ग्रामसभा का बड़ा फैसला : पेसा कानून के तहत हाटी गांव में पादरी-पास्टरों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध

IMG 20260704 062402

आयकर आयुक्त निशा उरांव ने गांव की सीमा पर स्वयं लिखा सूचना बोर्ड

ग्रामसभा बोली – जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए लिया गया निर्णय

विश्व हिंदू परिषद ने किया समर्थन, धर्मांतरण को लेकर नई बहस तेज

लोहरदगा // जिले के भंडरा प्रखंड अंतर्गत उदरंगी पंचायत के हाटी गांव की ग्रामसभा ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गांव में पादरियों, पास्टरों और बाहरी धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

ग्रामसभा ने पेसा कानून, 1996 के प्रावधानों का हवाला देते हुए गांव के तीनों प्रवेश द्वारों पर सूचना बोर्ड लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, इन बोर्डों पर संदेश स्वयं आयकर आयुक्त निशा उरांव ने ब्रश से लिखकर ग्रामसभा के निर्णय के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

सर्ना समाज के धर्मगुरुओं ने इस निर्णय को जनजातीय संस्कृति, परंपरा और धार्मिक पहचान की रक्षा की दिशा में “उलगुलान” बताया है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने भी ग्रामसभा के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि सरना-सनातन एकता को कमजोर करने की किसी भी विदेशी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

वीडियो देखने के लिए यहां 👇👇 क्लिक करें

हाटी गांव के इस फैसले के बाद लोहरदगा सहित पूरे झारखंड में धर्मांतरण, पेसा कानून और जनजातीय अधिकारों को लेकर नई सामाजिक बहस शुरू हो गई है।

देवघर का ‘आम्रपाली’ आम अब दुबई में बिखेरेगा स्वाद, पहली बार 1 टन खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए रवाना

IMG 20260703 213456

महिला किसानों की मेहनत को मिला वैश्विक मंच, लोकल से ग्लोबल हुआ देवघर का आम

देवघर, 3 जुलाई। देवघर जिले के कृषि इतिहास में शुक्रवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। जिले में उत्पादित 1 टन ‘आम्रपाली’ आम की पहली अंतरराष्ट्रीय खेप दुबई के लिए रवाना की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने विशेष पैकेजिंग के साथ तैयार खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वैश्विक बाजार में मिलेगी देवघर के आम को नई पहचान

उपायुक्त ने कहा कि यह पहला अवसर है जब जिले की महिला किसानों द्वारा उत्पादित आम सीधे वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किए गए आमों को लखनऊ के माध्यम से दुबई भेजा जाएगा। इससे महिला किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मनरेगा, एफपीओ और जेएसएलपीएस की भूमिका रही अहम

उपायुक्त ने इस सफलता का श्रेय मनरेगा टीम और मनोन्नति मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी (एफपीओ) को दिया। उन्होंने कहा कि महिला किसानों के सामूहिक प्रयास और प्रशासनिक सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।

1004998593

साथ ही जेएसएलपीएस के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अभियान का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक महिला किसानों को इससे जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सके।

महिला किसानों ने जताया मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार

इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्साहित एफपीओ से जुड़ी महिला किसानों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले के किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार के नए अवसर खुले हैं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, डीआरडीए निदेशक सागरी बराल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रमुख सीताकांत मंडल, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुशील दास, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डकैती की साजिश नाकाम, अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

1000184581
1000184581 1

देवघर // जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे छह अपराधियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अपराधी अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने डकैती की साजिश का किया पर्दाफाश

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की रात सूचना मिली थी कि चाँदडीह-सरकंडा जंगल के समीप कुछ अपराधी हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकंडा जंगल में घेराबंदी की और दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ चाँदडीह बसमता क्षेत्र में डकैती की योजना बनाने के उद्देश्य से एकत्र हुए थे।

1000184578 1

बरामद देशी कट्टा का फाइल फोटो

सरकंडा जंगल में डकैती की योजना बना रहे छह अपराधियों में से दो दबोचे गए, चार फरार; तीन बाइक, हथियार और मोबाइल बरामद

पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों का पूर्व में भी डकैती, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं में संलिप्त रहने का इतिहास रहा है।बरामद सामान में एक लोहे का देशी कट्टा, 8 एमएम केएफ अंकित दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा तीन मोटरसाइकिल (एक सफेद अपाचे, एक काला पल्सर और एक काला-लाल पल्सर) शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

चाँदडीह बसमता निवासी 22 वर्षीय अविनाश साह (पिता- भागीरथ साह) तथा दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कुरुमटाँड़ निवासी 26 वर्षीय अनर पासवान (पिता- कुलदेव पासवान) के रूप में हुई है।इस संबंध में कुण्डा थाना कांड संख्या 82/2026 दिनांक 02 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 26 और 35 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी अभियान में कुण्डा थाना के पु.अ.नि. प्रशांत कुमार-2, देवीपुर थाना के पु.अ.नि. प्रशांत कुमार-1, पु.अ.नि. सामु बाण्डो, स.अ.नि. विश्वम्भर विश्वकर्मा, स.अ.नि. शिवयतन मुर्मु, हवलदार बजेन्द्र बांद्य, आरक्षी प्रवीण कुमार, राजीव मुर्मु तथा तकनीकी शाखा के रियाजुल हक सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

झारखंड कैबिनेट के 26 अहम फैसलों पर मुहर, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और नियुक्तियों को मिली बड़ी मंजूरी

IMG 20260702 201422

रांची // मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई झारखंड मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में राज्य के विकास, प्रशासनिक सुधार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण और सरकारी नियुक्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने विभिन्न योजनाओं और नियमावलियों सहित कुल 26 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की।

सड़क एवं आधारभूत संरचना को बढ़ावा

कैबिनेट ने राज्य के विभिन्न जिलों में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की कई बड़ी परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी।

इनमें शामिल हैं—

  • साहिबगंज में SH-18 ADB सड़क के निर्माण के लिए ₹88.84 करोड़
  • दुमका-साहिबगंज ADB मार्ग (51.93 किमी) के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए ₹221.40 करोड़।
  • चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा मार्ग की राइडिंग क्वालिटी सुधार के लिए ₹33.76 करोड़।
  • पाकुड़ जिले में दो प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए ₹128.20 करोड़।
  • रांची में बिरसा चौक से पुलिस मुख्यालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹36.30 करोड़ की मंजूरी दी गई।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा निर्णय

राज्य सरकार ने RIMS-2 की स्थापना के लिए ₹4189.41 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी।

परियोजना के क्रियान्वयन में IIM रांची को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा XISS रांची को इम्पैक्ट असेसमेंट का दायित्व सौंपने की भी मंजूरी दी गई।

शिक्षा एवं चिकित्सा

बोकारो के चंदनकियारी में पेंसिया ट्राइबेकियर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए Letter of Intent (LoI) जारी करने की स्वीकृति।

1004993526
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासनिक सुधार और नियुक्तियों से जुड़े 26 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

विदेशी आयुर्विज्ञान स्नातकों (FMGs) के राज्य चिकित्सा परिषद में पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया में संशोधन को मंजूरी।

सरकारी सेवाओं और नियुक्तियों से जुड़े फैसले

नव नियुक्त सरकारी सेवकों के लिए नियुक्ति के समय निष्ठा एवं गोपनीयता की शपथ अनिवार्य की गई।

झारखंड योजना सेवा नियमावली-2026 को मंजूरी।

राज्य निम्नवर्गीय लिपिक-सह-कम्प्यूटर संचालक सेवा संवर्ग नियमावली-2026 तथा समाहरणालय लिपिकीय संवर्ग नियमावली-2026 को स्वीकृति।

झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के युक्तिसंगत पदस्थापन को मंजूरी।

Jharkhand Law Officer (Engagement) Rules, 2026 को घटनोत्तर स्वीकृति।

अन्य प्रमुख फैसले

श्रावणी मेला 2026 की विधि-व्यवस्था के लिए 28 अस्थायी मेला ओपी और 19 अस्थायी यातायात ओपी के गठन की मंजूरी।

बिहार-झारखंड के बीच सोन नदी बेसिन के जल बंटवारे से जुड़े एकरारनामा प्रारूप पर सहमति।

CAG की वर्ष 2023 की राजस्व ऑडिट रिपोर्ट को विधानसभा के आगामी सत्र में प्रस्तुत करने की मंजूरी।

राष्ट्रीय स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 (नई दिल्ली) के आयोजन को स्वीकृति।

सरकार का कहना है कि इन फैसलों से राज्य में आधारभूत संरचना का विकास तेज होगा, प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्रों में नई गति मिलेगी

श्रावणी मेला 2026 में घरेलू गैस सिलेंडर पर सख्ती, केवल 19 KG कमर्शियल सिलेंडर से होगा व्यवसाय

1000184011

राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब मेला क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, मिठाई और चाय दुकानों सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग होगा।

1000184011

घरेलू गैस सिलेंडरपूरी तरह प्रतिबंधित

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आईओसीएल अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेला क्षेत्र में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

1000184002

होटल, ढाबे, रेस्टोरेंटनियम पालन अनिवार्य

प्रशासन ने सभी होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, चाय दुकान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को केवल 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर के इस्तेमाल का निर्देश दिया है।
वहीं, 5 किलोग्राम का छोटा गैस सिलेंडर केवल श्रद्धालुओं, छोटे परिवारों और यात्रियों के व्यक्तिगत उपयोग के लिए रहेगा। इसका व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। उपायुक्त ने आईओसीएल अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी दुकानदार को किसी प्रकार की परेशानी न हो।बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा आईओसीएल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी करार, पति को 7 वर्ष की सश्रम कैद

IMG 20260702 062240

देवघर अदालत का फैसला: 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया, सास-ससुर साक्ष्य के अभाव में बरी

देवघर // देवघर की एडीजे-9 मुकुलेश चंद्र नारायण की अदालत ने पत्नी को आत्महत्या के लिए विवश करने के मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए आरोपी पति सुनील यादव को दोषी करार दिया है। अदालत ने उसे 7 वर्ष की सश्रम कैद तथा 10 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। जुर्माना नहीं देने पर आरोपी को 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने जुर्माने की राशि मृतका के परिजनों को देने का निर्देश दिया है।

सास-ससुर को संदेह का लाभ

इस मामले में नामजद अन्य दो आरोपी प्यारी यादव (ससुर) और बॉबी देवी (सास) को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।

दहेज प्रताड़ना का लगाया गया था आरोप

अभियोजन के अनुसार, मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी गोविंद यादव ने अपनी पुत्री लीलावती देवी की शादी वर्ष 2020 में गौरे गांव निवासी सुनील यादव से की थी। विवाह में सामर्थ्य के अनुसार उपहार दिए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और अतिरिक्त रुपये व सामान की मांग को लेकर मृतका को प्रताड़ित करता था।

2021 में दर्ज हुआ था मामला

2 मई 2021 को मृतका के परिजनों को सूचना मिली कि लीलावती देवी की तबीयत गंभीर है। जब पिता गोविंद यादव ससुराल पहुंचे तो उन्होंने अपनी पुत्री को मृत पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पति, सास और ससुर ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके आधार पर मोहनपुर थाना कांड संख्या 65/2021 दर्ज किया गया और मामले की सुनवाई शुरू हुई।

सात गवाहों की गवाही बनी अहम

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने सात गवाहों के बयान प्रस्तुत किए, जिनके आधार पर अदालत ने पति को पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी माना। हालांकि, सास और ससुर के खिलाफ आरोप सिद्ध नहीं होने पर उन्हें बरी कर दिया गया।

दोनों पक्षों ने रखा अपना पक्ष

मामले में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक विजय कुमार साह ने पैरवी की, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता फणीभूषण पांडेय ने बहस की।

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर IMA देवघर ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की हुई जांच

IMG 20260701 212436

पुराने सदर अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, निःशुल्क दवाइयों का भी किया गया वितरण

देवघर //: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) देवघर की ओर से पुराने सदर अस्पताल परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चला, जिसका उद्घाटन देवघर के वरिष्ठतम चिकित्सक एवं सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. के. एन. झा ने किया।

200 से अधिक मरीजों की हुई जांच

शिविर में करीब 200 वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान दंत परीक्षण, पल्स, रक्तचाप (बीपी), वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ग्लाइकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन (HbA1c), बोन मिनरल डेंसिटी (BMD), पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) और ईसीजी जैसी विभिन्न जांचें की गईं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

कई वरिष्ठ चिकित्सकों का रहा योगदान

शिविर में राष्ट्रीय IMA के उपाध्यक्ष डॉ. डी. तिवारी, IMA झारखंड के उपाध्यक्ष डॉ. आर. एन. प्रसाद, संयुक्त सचिव डॉ. गोपाल जी शरण, IMA देवघर के अध्यक्ष डॉ. एन. सी. गांधी, कोषाध्यक्ष डॉ. गौरी शंकर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गोपाल प्रसाद बरनवाल, डॉ. बीरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राजीव कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष डॉ. आनंदबर्धन, डॉ. रीता ठाकुर, संयुक्त सचिव डॉ. मंजूषा झा सहित अनेक चिकित्सकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

1004988000

दंत चिकित्सा सेवाओं में डॉ. सतीश कुमार चौधरी, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. चेतना, डॉ. स्नेहा चांदनी साहा, डॉ. अंजू, डॉ. शिप्रा, डॉ. नीतू एवं अन्य दंत चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डॉ. बी. सी. राय को दी गई श्रद्धांजलि

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस भारत के महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात राजनीतिज्ञ डॉ. विधान चंद्र राय की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। उनकी जन्म एवं पुण्यतिथि दोनों 1 जुलाई को ही पड़ती हैं। वे वर्ष 1948 से 1962 तक पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री रहे और चिकित्सा तथा जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी प्रेरणास्रोत है।

शाम को होगा पारिवारिक मिलन समारोह

IMA देवघर के सचिव डॉ. संजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार शाम IMA देवघर की ओर से पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डॉ. सिकंदर सिंह को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पुरस्कार प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

श्रावणी मेला 2026: हावड़ा–नटेसर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने बढ़ाई कई विशेष ट्रेनों की सेवाएं

IMG 20260701 211053

श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे का बड़ा फैसला, हावड़ा–पटना और पटना–खुर्दा रोड स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी बढ़ाया गया

आसनसोल, 01 जुलाई 2026 // देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को देखते हुए पूर्व रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हावड़ा–नटेसर–हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को भी आगे बढ़ाया गया है।

हावड़ा–नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन

ट्रेन संख्या 03001 (हावड़ा–नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल)

  • परिचालन अवधि: 05 जुलाई से 29 सितंबर 2026
  • संचालन दिवस: हर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार
  • कुल फेरे: 38
  • प्रस्थान: रात 11:50 बजे (हावड़ा)
  • आगमन: अगले दिन दोपहर 12:00 बजे (नटेसर)

ट्रेन संख्या 03002 (नटेसर–हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल)

  • परिचालन अवधि: 06 जुलाई से 30 सितंबर 2026
  • संचालन दिवस: हर सोमवार, बुधवार और शनिवार
  • कुल फेरे: 38
  • प्रस्थान: दोपहर 1:00 बजे (नटेसर)
  • आगमन: अगले दिन सुबह 4:30 बजे (हावड़ा)

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों दिशाओं में यह स्पेशल ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी।

यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान (स्लीपर) और वातानुकूलित (AC) कोच उपलब्ध रहेंगे, जिससे श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।

इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी बढ़ाया गया

यात्रियों की लगातार मांग को देखते हुए रेलवे ने निम्नलिखित स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी बढ़ा दिया है—

  • 02023/02024 हावड़ा–पटना–हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल को 05 जुलाई से 27 सितंबर 2026 तक 13 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है।
  • 03229/03230 पटना–खुर्दा रोड जंक्शन–पटना साप्ताहिक स्पेशल को 02/03 जुलाई से 30/31 जुलाई 2026 तक 05 अतिरिक्त फेरों के लिए विस्तारित किया गया है।

रेलवे की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना संशोधित समय-सारिणी के अनुसार बनाएं। सभी स्पेशल ट्रेनें अपने मौजूदा मार्ग, ठहराव, समय और कोच संरचना के साथ संचालित होती रहेंगी।

आसनसोल मंडल में अनुरक्षण कार्य: 2 जुलाई को तीन एमईएमयू ट्रेनें रहेंगी रद्द

शंकरपुर–मथुरापुर के बीच ट्रैक नवीनीकरण कार्य के चलते रेलवे का फैसला, यात्रियों से यात्रा योजना में बदलाव की अपील

आसनसोल, 1 जुलाई 2026: पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) को डाउन लाइन पर शंकरपुर और मथुरापुर स्टेशनों के बीच आवश्यक समतल पटरी नवीनीकरण (PQRS) कार्य कराया जाएगा। अनुरक्षण कार्य के कारण कुछ एमईएमयू ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद्द किया गया है।

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

  • ट्रेन संख्या 63546 – जसीडीह–अंडाल एमईएमयू, 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) की यात्रा रद्द रहेगी।
  • ट्रेन संख्या 63509/63510 – बर्धमान–झाझा–बर्धमान एमईएमयू, 2 जुलाई 2026 (गुरुवार) से शुरू होने वाली यात्रा रद्द रहेगी।

रेलवे की अपील

पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उपरोक्त परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे ने इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।