झारखंड की आवाज

Blog Post -

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर IMA देवघर का जागरूकता अभियान, तम्बाकू मुक्त संस्थानों पर जोर

IMG 20260601 055128

देवघर // विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) देवघर द्वारा आईएमए हॉल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईएमए सदस्यों, नर्सिंग छात्र-छात्राओं तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान सभी चिकित्सकों से अपने क्लिनिक, नर्सिंग होम और अस्पतालों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र बनाए रखने का आह्वान किया गया।

आईएमए देवघर ने अस्पतालों, क्लिनिक और सरकारी कार्यालयों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करने की मांग उठाई

आईएमए देवघर ने बताया कि वर्ष 2024 में इसकी शुरुआत की गई थी, जिसके बाद राज्य स्तर पर भी इस अभियान को समर्थन मिला।आईएमए देवघर ने एम्स देवघर के सहयोग से तम्बाकू निषेध जागरूकता बोर्ड तैयार किया है, जिसे विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में लगाया जाएगा। संस्था की ओर से उपायुक्त और सिविल सर्जन देवघर को पत्र लिखकर सभी सरकारी कार्यालयों और अस्पतालों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करने तथा कोटपा (COTPA) 2003 के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने का अनुरोध किया गया है।

कोटपा-2003 के सख्त पालन का किया आग्रह

राष्ट्रीय आईएमए के उपाध्यक्ष डॉ धन्वन्तरि तिवारी ने कहा कि तम्बाकू के किसी भी रूप का सेवन शरीर में कैंसर उत्पन्न करने वाले तत्वों को बढ़ाता है, जिससे मुंह, गला, फेफड़ा और भोजन नली के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ तम्बाकू छोड़ने की अपील की।

IMA देवघर के अध्यक्ष डॉ एन सी गांधी ने चिकित्सकों से मरीजों और उनके परिजनों को तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।कार्यक्रम में आईएमए झारखंड के उपाध्यक्ष डॉ आर एन प्रसाद, संयुक्त सचिव डॉ गोपाल जी शरण , सचिव संजय कुमार सहित आईएमए देवघर के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

संदेश: “तम्बाकू छोड़ें, स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं।

मां मनसा फिजिकल एकेडमी कटवन में युवाओं को मिल रहा विशेष प्रशिक्षण, 10 किमी मैराथन का आयोजन

IMG 20260531 083048 scaled

कटवन से तपोवन तक 10 किलोमीटर दौड़े युवा, फिटनेस और भर्ती तैयारी पर जोर

देवघर // मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के कटवन पंचायत में मां मनसा फिजिकल एकेडमी, कटवन की ओर से रविवार को 10 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन में लगभग 50 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ कटवन मैदान से शुरू होकर तपोवन तक पहुंची।

10 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद सभी प्रतिभागी तपोवन पहाड़ की ऊपरी चोटी तक पहुंचे, जहां प्रशिक्षक छोटू कुमार एवं मंटू कुमार ने युवाओं को विशेष शारीरिक व्यायाम कराया। इस दौरान युवाओं को शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और अनुशासन बढ़ाने के गुर भी बताए गए।

अग्निवीर, झारखंड पुलिस और सिपाही भर्ती की कराई जा रही तैयारी

एकेडमी में युवाओं को अग्निवीर भर्ती, झारखंड पुलिस, सेना, सिपाही एवं अन्य शारीरिक दक्षता आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों ने बताया कि युवाओं को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाया जा रहा है ताकि वे भर्ती परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

वीडियो देखने के लिए यहां 👇👇 क्लिक करें

एकेडमी में दी जाती हैं ये सुविधाएं

  • 1600 मीटर, 5 किमी और 10 किमी रनिंग प्रैक्टिस
  • लंबी कूद एवं ऊंची कूद प्रशिक्षण
  • शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) की तैयारी
  • डेली एक्सरसाइज एवं फिटनेस ट्रेनिंग
  • स्टैमिना और एंड्योरेंस बढ़ाने के लिए विशेष अभ्यास
  • मानसिक मजबूती एवं मोटिवेशनल सेशन
  • सेना, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल भर्ती मार्गदर्शन
  • समूह अभ्यास एवं अनुशासन प्रशिक्षण

युवाओं में दिख रहा उत्साह

मैराथन कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से उनकी फिटनेस में सुधार हो रहा है और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी भी मजबूत हो रही है।

1004828971
कटवन से तपोवन तक 10 किमी मैराथन दौड़ पूरी करने के बाद उत्साहित युवा और प्रशिक्षक।

प्रशिक्षण का वीडियो देखने के लिए क्लिक करें 👇

भीषण सड़क हादसा में दो युवक समेत , एक पुलिस जवान की मौत

IMG 20260531 074204

साहेबगंज // सड़क पर दौड़ती है मौते ताज़ा मामला साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर धौगड़ा इमली गाछ के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में झारखंड पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल हृदय कुमार सरकार समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में हृदय कुमार सरकार और मिराज अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल साहिल अंसारी ने साहिबगंज ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल सनाउल अंसारी का इलाज जारी है।मृतक हृदय कुमार सरकार गोड्डा न्यायालय में पदस्थापित थे और अपने घर उधवा लौट रहे थे। वहीं अन्य युवक बकरीद के अवसर पर अपने ननिहाल जा रहे थे। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

सावन मेला की तैयारी को लेकर डीसी ने बाबा मंदिर क्षेत्र का किया निरीक्षण

IMG 20260530 212624

देवघर // उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया व पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा मंदिर प्रांगण व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी राजकीय श्रावणी मेला और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं का धरातलीय आकलन करना था।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स, फुट ओवर ब्रिज, शीघ्र दर्शनम व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, बाबा मंदिर प्रांगण में में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

1004827373

साथ ही श्रद्धालुओं को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और कि जाने वाली तैयारी का जायजा लिया। इसके अलावा उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि, “श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतें।

राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता में देवघर की श्रेया ने लहराया परचम, देश में दूसरा और छत्तीसगढ़ में पहला स्थान

IMG 20260530 210621

देवघर // भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता 2025-26” में देवघर की प्रतिभाशाली छात्रा श्रेया केशरी ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। श्रेया ने छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान तथा राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर देवघर और झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन किया है।

वर्तमान में रायपुर स्थित हिदायतुल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (HNLU) में विधि की पढ़ाई कर रही श्रेया ने “मेरे आदर्श को पत्र” विषय पर अपनी उत्कृष्ट लेखन क्षमता का परिचय दिया। लाखों प्रतिभागियों के बीच उनकी रचनात्मकता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने उन्हें राष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान दिलाई।

राज्य टॉपर, CLAT में ऑल इंडिया 15वीं रैंक और अब राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धि

श्रेया इससे पहले भी 12वीं में 98.5% अंक लाकर राज्य टॉपर रह चुकी हैं तथा CLAT परीक्षा में ऑल इंडिया 15वीं रैंक हासिल कर चुकी हैं।

श्रेया की इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और देवघरवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

श्रेया मूल रूप से देवघर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सह होटल न्यू ग्रैंड के मैनेजिंग डायरेक्टर रवि कुमार केशरी एवं गृहिणी नीतू केशरी की एकमात्र सुपुत्री हैं।

फर्जी बैंक पदाधिकारी बनकर ठगी करने वाला एक साइबर आरोपी गिरफ्तार

IMG 20260530 172059

देवघर // पुलिस अधीक्षक देवघर, प्रवीण पुष्कर के आदेश पर साईबर अपराधियों के विरूद्ध की जा रही लगातार कार्रवाई में एक बार फिर सफलता मिली। 01 (एक) साईबर अपराधकर्मी को साइबर अपराध कारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर देवघर जिला अन्तर्गत कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी द्वारा फर्जी तरीके से Flipkart / Amazon के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank पदाधिकारी, एवं Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके अतिरिक्त, अभियुक्त द्वारा PM किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।

उक्त सूचना के आलोक में की गई छापामारी के दौरान 01 (एक) साइबर अपराधकर्मी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किये गये अभियुक्तों के पास से बरामद मोबाइल फोन/सिम के प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरणः शुभम कुमार दास उम्र करीब 23 वर्ष पिता प्रकाश दास सा० चरकमारा थाना सारठ जिला देवघर।

गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 1 मोबाइल फोन और 1 सिम कार्ड को पुलिस ने बरामद किया है।

शिक्षा विभाग की बैठक कम उपस्थिति पर डीसी ने जताई नाराजगी

IMG 20260530 171125

देवघर // उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले की शिक्षा व्यवस्था, छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी, सुधार के निर्देश

बैठक में प्रखंडवार तरीके से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति की समीक्षा की गई। कई क्षेत्रों में कम उपस्थिति पाए जाने पर उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने कड़ा रोष प्रकट किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में अविलंब सुधार करने और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए बेहतर व ठोस कार्ययोजना के तहत काम करने का सख्त निर्देश दिया।

आगे उपायुक्त ने जिले के मैट्रिक परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने स्कूलों में छात्र-छात्राओं को दी जा रही बुनियादी सुविधाओं व संसाधनों की जानकारी ली और कमियों को तुरंत दूर करने को कहा। इसके अलावा मध्याह्न भोजन योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपायुक्त ने स्कूलों में रसोइयों के रिक्त पदों पर नियमानुसार जल्द चयन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने सभी स्कूलों में समय पर चावल का उठाव सुनिश्चित करने की हिदायत दी ताकि बच्चों के भोजन में कोई बाधा न आए।

सीएचसी के समन्वय से होगा शत-प्रतिशत स्वास्थ्य चेकअप….

छात्र-छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने शत-प्रतिशत स्कूलों में मेडिकल चेकअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग (सीएचसी) से समन्वय स्थापित करते हुए एक व्यवस्थित रोस्टर तैयार करने को कहा, ताकि समय पर सभी बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा सके।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) को लेकर अहम बैठक आयोजित

IMG 20260530 170344 scaled

देवघर // जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आज मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल एवं मीडिया के साथ बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया।

सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

इस दौरान उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत झारखंड राज्य में SIR की क्वालीफाइंग डेट 01 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया….

इसके अलावा बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं की मैपिंग, अनमैप्ड मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। आगे जानकारी दी गई कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई।

व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक करने की अपील

इस दौरान विशेष रूप से यह बताया गया कि योग्य मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर प्रक्रिया में शामिल कराने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है। आगे जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों से सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की शीघ्र प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया गया।

साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए एसआईआर से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की महत्वपूर्ण तिथियां

  • क्वालीफाइंग डेट – 01.10.2026
  • तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग – 20.06.2026 से 29.06.2026 तक
  • बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन – 30.06.2026 से 29.07.2026 तक
  • ●मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन – 29.07.2026 तक
  • ●ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन – 05.08.2026
  • ●दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि – 05.08.2026 से 04.09.2026 तक
  • ●दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन – 05.08.2026 से 03.10.2026 तक
  • ●अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 07.10.2026

डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की अपील

उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने मीडिया के माध्यम से आम जनता से अपील की कि वे निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (Voters’ Service Portal) और Voter Helpline App का अधिक से अधिक उपयोग करें। इसके जरिए लोग घर बैठे अपना नाम जांच सकते हैं और नए पंजीकरण या सुधार के लिए ऑनलाइन आवेदन (फॉर्म 6, 7 और 8) कर सकते हैं।

किसी भी संशय की स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।बैठक के अंत में उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया ताकि आम जनता में जागरूकता बढ़े और शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

डीसी ने अवैध खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई का दिया आदेश

IMG 20260530 165324

जिले के सभी प्रखंडों में वाहनों की होगी नियमित जाँच

देवघर // उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आज समाहरणालय में खनन विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर सख्त एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।

इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

आगे उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध खनन को रोकने के लिए निरंतर निगरानी और सक्रियता आवश्यक है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी राजस्व संग्रहण को बढ़ाने के साथ-साथ खनन से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। यदि किसी भी क्षेत्र में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाए।

संभावित स्थलों पर होगी छापेमारी और वाहनों की जांच….

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित अवैध खनन स्थलों को चिन्हित करें। इन चिन्हित स्थानों पर नियमित रूप से औचक छापेमारी की जाए और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, जिले के सभी प्रखंडों में खनिज का परिवहन करने वाले वाहनों की कड़ाई से जांच करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि बिना वैध चालान या ओवरलोडिंग वाले वाहनों पर अंकुश लगाया जा सके।

कोनार नदी में मिले तीन युवकों के शव, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

IMG 20260530 164313

हजारीबाग // पौता स्थित कोनार नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिले तीन युवकों के शवों का रहस्य अब तक बरकरार है। मामले का खुलासा नहीं होने से मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मुफस्सिल थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हजारीबाग ट्रिपल डेथ मिस्ट्री बरकरार, हत्या की आशंका जता रहे परिजन

परिजनों का कहना है कि पुलिस शुरू से ही इस मामले को दुर्घटना साबित करने का प्रयास कर रही है, जबकि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है और दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

मृतकों के परिजनों ने एक तथाकथित यूट्यूबर सोहेल अंसारी पर भी हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया था कि 23 तारीख को मृतकों का लोकेशन भुरकुंडा में मिला था और उनके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। हालांकि अब तक उन दोनों व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

एसपी से मिले परिजन, थाना प्रभारी और अनुसंधानकर्ता पर लापरवाही व हत्यारों से मिलीभगत का आरोप

मामले को लेकर परिजनों ने केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भी मुलाकात कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच और शीघ्र खुलासा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।

जल्द खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले से संबंधित कुछ रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि फॉरेंसिक रिपोर्ट का अभी इंतजार है। सभी रिपोर्ट मिलने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई और मामले का खुलासा नहीं हुआ तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। इस चेतावनी के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना क्या है ?

IMG 20260530 085639

Bkd News Jharkhand // झारखंड में परित्यक्ता (तलाकशुदा या छोड़ी गई) महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना’ चलाई जा रही है।

पात्रता मापदंड (Eligibility Criteria)

इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को ₹1,000 प्रति माह की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।

महिला की आयु कम से कम 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।

वैवाहिक स्थिति : आवेदक महिला परित्यक्ता (पति द्वारा छोड़ी गई या तलाकशुदा) होनी चाहिए।

आय सीमा: आवेदक की पारिवारिक आय सरकार द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए, और वे गरीबी रेखा (BPL) से संबंधित होनी चाहिए। महिला झारखंड राज्य की स्थायी निवासी होनी चाहिए।

आवश्यक दस्तावेज (RequiredDocuments)

परित्यक्ता/तलाक का प्रमाण पत्र या स्व-घोषणा पत्रआय प्रमाण पत्र (Income Certificate)

आवासीय प्रमाण पत्र (Local Residential Proof)

आधार कार्ड (Aadhaar Card)

बैंक पासबुक (Bank Account Details)पासपोर्ट साइज फोटो

आवेदन कैसे करें ?

ऑनलाइन प्रक्रिया : आप राज्य के मायस्कीम पोर्टल पर जाकर आवेदन की स्थिति और प्रक्रिया देख सकते हैं।

1004823711

ऑफ़लाइन प्रक्रिया : आवेदन पत्र भरकर इसे अपने नजदीकी प्रखंड कार्यालय (Block Office), अंचल कार्यालय, या जन सेवा केंद्र (CSC) में जमा करना होगा।

अन्य राज्यों में भी अलग अलग नामों से संचालित है यह योजना

मधु बाबू पेंशन योजना उड़ीसा में

ओडिशा में निराश्रित, परित्यक्ता (पति द्वारा छोड़ी गई) और तलाकशुदा महिलाओं के लिए प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजना मधु बाबू पेंशन योजना (MBPY) हैइसके तहत परित्यक्ता महिलाओं को ₹1,000 से लेकर ₹3,500 प्रति माह तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है

प्रमुख पात्रता मानदंड:

आयु सीमा: परित्यक्ता या विधवा महिला किसी भी आयु की हो, आवेदन के लिए पात्र है (आयु की कोई बाध्यता नहीं)

आय सीमा: आवेदक के परिवार की कुल वार्षिक आय ₹24,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए

मूल निवासी: महिला ओडिशा राज्य की स्थायी निवासी होनी चाहिएअन्य पेंशन: आवेदक को केंद्र या राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा हो

पेंशन की दरें (आयु के अनुसार): 60 से 79 वर्ष तक की आयु के लिए: ₹1,000 प्रति माह 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के लिए: ₹3,500 प्रति माह (बिना किसी आयु और आय की परवाह किए)

आवेदन कैसे करें:

ऑनलाइन प्रक्रिया: आप ओडिशा सरकार के आधिकारिक सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के SSEPD Odisha Portal पर जाकर आवेदन कर सकती हैं।

लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना बिहार में

बिहार में परित्यक्त (तलाकशुदा/छोड़ी गई) महिलाओं के लिए मुख्य रूप से ‘लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना’ (LBSspy) और ‘अल्पसंख्यक मुस्लिम महिला परित्यक्ता/तलाकशुदा सहायता योजना’ चलाई जा रही है।

जय बांग्ला पेंशन योजना बंगाल में

पश्चिम बंगाल सरकार परित्यक्त (तलाकशुदा या पति द्वारा छोड़ी गई) महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ‘जय बांग्ला’ (Jai Bangla) पेंशन योजना के तहत वित्तीय सहायता देती है। योग्य महिलाओं को इस योजना के माध्यम से प्रति माह ₹1,000 की पेंशन प्रदान की जाती है।

परित्यक्ता महिला पेंशन योजना क्या है? किन राज्यों में मिलती है यह सुविधा

IMG 20260530 083459

Bkd News Jharkhand // पति द्वारा छोड़ दी गई, तलाकशुदा अथवा परित्यक्ता महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से कई राज्यों में विशेष पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य ऐसी महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायता करना है।

क्या है परित्यक्ता महिला पेंशन योजना ?

परित्यक्ता महिला पेंशन योजना के तहत उन महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी जाती है, जिन्हें उनके पति ने छोड़ दिया हो, जो लंबे समय से अलग रह रही हों या जिनका कोई आर्थिक सहारा न हो। योजना का लाभ राज्य सरकारों द्वारा निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार दिया जाता है।

किन राज्यों में संचालित हैं ऐसी योजनाएं ?

देश के कई राज्यों में अलग-अलग नामों से परित्यक्ता, निराश्रित, तलाकशुदा एवं परित्यक्त महिलाओं के लिए पेंशन या सामाजिक सुरक्षा योजनाएं संचालित हैं। इनमें झारखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार , पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शामिल हैं।

कौन ले सकता है लाभ ?

परित्यक्ता या पति द्वारा छोड़ी गई महिला।- तलाकशुदा अथवा निराश्रित महिला।- निर्धारित आय सीमा के भीतर आने वाली महिलाएं।- राज्य सरकार द्वारा तय आयु एवं अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली महिलाएं।

कैसे करें आवेदन ?

आवेदन संबंधित राज्य के सामाजिक सुरक्षा विभाग, प्रखंड कार्यालय, नगर निकाय कार्यालय या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन के साथ पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण तथा परित्यक्ता होने से संबंधित दस्तावेज जमा करने होते हैं।

आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिलती है राहत

विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से वंचित महिलाओं के लिए सहारा साबित हो रही हैं। सरकारें समय-समय पर पेंशन राशि और पात्रता मानदंडों में भी बदलाव करती रहती हैं।

फाइनांसर बनकर युवक को दिया झांसा, बाइक और रुपये ले भागे

IMG 20260530 070032

देवघर // जिला के जसीडीह थाना क्षेत्र के भोक्ताडीह गांव निवासी विजय कुमार यादव से बाइक ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने बताया कि तीन अज्ञात युवकों ने खुद को फाइनेंसर बताकर उसे झांसे में लिया और उसकी बाइक लेकर फरार हो गये।

कुंडा क्षेत्र के पेट्रोल पंप से युवक को बहला-फुसलाकर ले गये तीन अज्ञात युवक

इस संबंध में शिकायत कुंडा थाना में देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने आवेदन में बताया है कि वह जसीडीह थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-32 का निवासी है और मजदूरी करता है। 28 मई को वह अपने ससुराल सारवां थाना क्षेत्र के बलीडीह गांव से लौट रहा था। इसी दौरान कुंडा थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए रुका। उसी दौरान वहां तीन अज्ञात युवक बाइक से पहुंचे और खुद को फाइनांसर बताया।

सर्कुलर रोड स्थित बाइक शोरूम के पास दुकान में बैठाकर ले लिये रुपये व बाइक

युवकों ने कहा कि वे गाड़ी का लोन दिलवाते हैं और दिग्भ्रमित कर विजय को अपने साथ चलने को कहा। इसके बाद तीनों युवक उसे सर्कुलर रोड स्थित एक बाइक शोरूम के पास ले गये और एक दुकान में बैठा दिया। पीड़ित ने बताया कि वहां उससे 700 रुपये ले लिये गये। इसके बाद आरोपितों ने उसकी बाइक ले ली और भाग निकले। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद भी जब युवक वापस नहीं लौटे, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

विजय ने कुंडा थाना पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए बाइक बरामद करने और आरोपित युवकों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Court News। साइबर क्राइम के केस में आरोपी कोर्ट से रिहा

IMG 20260530 061907

देवघर // एडीजे द्वितीय सह साइबर क्राइम स्पेशल जज अनिल कुमार की अदालत में चल रहे साइबर क्राइम केस की सुनवाई पूरी की गई। इसके बाद नामजद आरोपी पवन मंडल को संदेह का लाभ देते हुए रिहा कर दिया गया।

आरोपी सोनारायठाढ़ी थाना के जरका गांव का रहने वाला है और इसके विरुद्ध सोनारायठाढ़ी थाना में वर्ष 2017 में केस दर्ज हुआ था। इसमें फर्जी बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने का आरोप लगाया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से चार पुलिस कर्मियों ने गवाही दी, लेकिन घटना की पुष्टि नहीं की। अदालत ने अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की बहस सुनने के बाद आरोपी को रिहा कर दिया। यह मुकदमा तत्कालीन एसआइ दाउद हेरेंज के प्रतिवेदन पर दर्ज हुआ था और इसमें नौ साल के बाद फैसला आया।

वही एक अन्य मामले में जयक्रिया अंसारी मोहनपुर थाना कांड संख्या 334/2017 ईपीसी की धारा 419, 420,568, 471, 120 बी और आईटी एक्ट 66 बी 66 सी 66 डी 84 डी के तहत मामला दर्ज किया गया था। जिसमें साइबर क्राइम केस नंबर 58/2019 है। इसे भी रिहा किया गया। साथ ही साइबर थाना कांड संख्या 67/2020 के आरोपी ललन कुमार मंडल को भी अदालत ने रिहा किया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए बड़े निर्देश, जलस्रोतों पर अवैध कब्जा हटाने का आदेश

रांची समेत राज्य के सभी शहरों में अवैध अतिक्रमण पर होगी कड़ी कार्रवाई

रांची // स्थित झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने शहरों की आधारभूत संरचना, जल निकासी, पेयजल, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि नदी, तालाब, डैम और अन्य जलस्रोत क्षेत्रों पर अवैध निर्माण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जलस्रोतों पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरों की नदियों, तालाबों, डैम और नालियों पर बने अवैध निर्माणों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए। अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने, प्राथमिकी दर्ज करने और अवैध संरचनाओं को ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने आम लोगों से भी अपील की कि जलस्रोत क्षेत्रों में किसी प्रकार का घर या निर्माण कार्य न करें।

कांके डैम संरक्षण के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना

मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची के कांके डैम की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने डैम में गिरने वाले नालों को बंद कराने, कैचमेंट एरिया की घेराबंदी करने और आसपास के लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही हर घर तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर जोर दिया गया।

रिंग रोड पर लगेंगे सोलर पैनल और स्मार्ट स्ट्रीट लाइट

बैठक में मुख्यमंत्री ने रांची सहित राज्य के सभी रिंग रोड क्षेत्रों में सोलर पैनल लगाने और सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन करने का निर्देश दिया। अगले 15 दिनों में प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट से पारित कराने की बात कही गई। साथ ही वाटर पाइपलाइन, सीवर लाइन और स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया गया।

हर घर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों के प्रत्येक घर, अपार्टमेंट, होटल और हाउसिंग सोसाइटी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि कचरे से ऊर्जा और खाद का उत्पादन किया जा सके।

परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग की सभी परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने, बरसात से पहले जलजमाव की समस्या दूर करने और शहरों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया।

बैठक में नगर विकास मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।