देवघर // के विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में सावन माह के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातः 4 बजकर 2 मिनट पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट को खोला गया और मंदिर का पट खुलते ही रूट लाइन और मंदिर परिसर बोलबम के नारे से गुजमान हो गया। तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं ने “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
कतारबद्ध होकर जलार्पण के लिए जाते हुए कावरियां
मंदिर परिसर, शिवगंगा और श्रद्धालुओं के प्रवेश मार्ग पर सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन द्वारा बनाए गए रूट चार्ट और सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित किया।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, विश्राम स्थल, चिकित्सा दल, एंबुलेंस और सुरक्षा बलों की विशेष व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सावन के पहले दिन उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने, निर्धारित मार्ग का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। पूरे देवघर में भक्तिमय माहौल है और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण शिवमय बना हुआ है।
देवघर // AIIMS देवघर के कार्डियोलॉजी विभाग ने उन्नत हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए संस्थान में पहली बार स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन के अंतर्गत एक अत्यंत जटिल पेटेंट डक्टस आर्टेरियोसस (PDA) का सफलतापूर्वक उपचार किया है। यह प्रक्रिया 14 वर्षीय बालक पर की गई, जिसके हृदय में जन्म से मौजूद एक असामान्य रक्त वाहिका सामान्य से कहीं अधिक बड़ी थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, जन्म के बाद यह रक्त वाहिका सामान्यतः अपने आप बंद हो जाती है। यदि यह खुली रह जाए तो हृदय पर लगातार अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे आगे चलकर सांस फूलना, हृदय की कमजोरी, फेफड़ों में उच्च रक्तचाप तथा हृदय विफलता जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
इस जटिल समस्या का उपचार बिना किसी बड़े ऑपरेशन के किया गया। कैथेटर तकनीक के माध्यम से हृदय तक पहुँचकर एक विशेष PDA Occluder Device लगाया गया, जिससे इस असामान्य रक्त वाहिका को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया सफल रही तथा मरीज स्वस्थ होकर तेजी से सामान्य अवस्था की ओर अग्रसर है।
यह उपलब्धि डॉ. सी. बी. पाण्डेय एवं डॉ. स्मारक के नेतृत्व में कार्डियोलॉजी टीम द्वारा प्राप्त की गई। प्रक्रिया के दौरान एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. ज्योतिर्मय ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कार्डियोलॉजी विभाग ने AIIMS देवघर के माननीय कार्यपालक निदेशक (Executive Director) महोदय के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रोत्साहन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। विभाग ने कहा कि उनके सहयोग से संस्थान में अत्याधुनिक हृदय चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
इस सफलता के साथ AIIMS देवघर अब झारखंड के उन चुनिंदा हृदय केन्द्रों में शामिल हो गया है जहाँ स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन जैसी अत्याधुनिक हृदय प्रक्रियाएँ स्वतंत्र रूप से की जा रही हैं। यह उपलब्धि केवल संस्थान के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण संथाल परगना एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अब ऐसे जटिल हृदय रोगों के उपचार के लिए मरीजों को बड़े महानगरों का रुख करने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही उच्चस्तरीय, आधुनिक एवं विशेषज्ञ हृदय चिकित्सा उपलब्ध हो सकेगी।
कार्डियोलॉजी विभाग ने इसे AIIMS देवघर की उन्नत चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया तथा भविष्य में भी क्षेत्रवासियों को सर्वोत्तम हृदय चिकित्सा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
देवघर // श्रावणी मेला 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत पुलिस प्रशासन एवं यातायात पुलिस को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए।
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पुलिस प्रशासन को एक एंबुलेंस , रेनकोट एवं छाता प्रदान की गई, जिसका उपयोग श्रावणी मेले के दौरान विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन आवश्यकताओं तथा ड्यूटी के दौरान आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस को बैरिकेड, रेनकोट एवं छाते उपलब्ध कराए गए, जिससे श्रावणी मेले के दौरान यातायात का संचालन सुगमतापूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
श्रावणी मेला विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें पूरे सावन माह के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण हेतु देवघर पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस प्रशासन एवं यातायात पुलिस के अधिकारी एवं जवान दिन-रात अपनी सेवाएं देते हैं। उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने यह सहयोग प्रदान किया है।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के उपमहाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव ने पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर को एंबुलेंस की चाबी सौंपते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए भी सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले जैसे राष्ट्रीय महत्व के आयोजन में सहयोग करना बैंक के लिए गर्व का विषय है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने भारतीय स्टेट बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रावणी मेले के दौरान हजारों पुलिस अधिकारी एवं जवान लगातार अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे समय में भारतीय स्टेट बैंक द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस एवं अन्य संसाधन पुलिस बल के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक सदैव समाज एवं प्रशासन के साथ मिलकर जनकल्याणकारी कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। श्रावणी मेले जैसे विशाल आयोजन में पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करना बैंक की सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है और भविष्य में भी बैंक ऐसे कार्यों में अपनी सहभागिता जारी रखेगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उपमहाप्रबंधक एस सत्यनारायण राव ,क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कुलदीप कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) लक्ष्मण प्रसाद, सार्जेंट मेजर रोशन मरांडी, भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Deoghar Sawan Mela 2026 // विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ बुधवार को झारखंड सीमा स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। 11 वैदिक पुरोहितों ने बाबा वैद्यनाथ की पूजा कर मेले का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
डिजिटल शिकायत निवारण की व्यवस्था बनी आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष श्रावणी मेले की सबसे बड़ी विशेषता डिजिटल शिकायत निवारण प्रणाली है। श्रद्धालु मेला क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा होने पर QR Code स्कैन कर फोटो के साथ शिकायत दर्ज कर सकेंगे। जिला प्रशासन का दावा है कि शिकायत मिलने के 15 मिनट के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है।
एआई आधारित तकनीक से होगी भीड़ और सुरक्षा की निगरानी
मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि इस बार मेले में पहली बार Artificial Intelligence (AI) आधारित तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए ANPR कैमरा, फेस रिकग्निशन कैमरा और हेडकाउंट कैमरा लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।
30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है और राज्य सरकार हर वर्ष मेले को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और जनहितैषी बनाने के लिए नई तकनीकों को शामिल कर रही है।
श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मेले में सुरक्षित एवं सुलभ जलार्पण के साथ श्रद्धालुओं की हर आवश्यकता का विशेष ध्यान रखा गया है। मेला क्षेत्र में तकनीक आधारित सूचना प्रणाली, शिवलोक परिसर में भव्य प्रदर्शनी, सांस्कृतिक मंच और आकर्षक ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
वीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। सभी श्रद्धालुओं को समान व्यवस्था के तहत दर्शन और जलार्पण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिव और शक्ति की नगरी में सभी का स्वागत’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देवघर बाबा वैद्यनाथ की नगरी में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों से मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश पासवान, उदय शंकर सिंह, देवेन्द्र कुंवर, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा , चेयरमैन किरण कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Deoghar Sawan Mela विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं।
बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर में लगाए जाने वाले विशेष अरघा (अर्घा) की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि गुरुवार से यह व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी जाए।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण सुनिश्चित करना है।
मुख्य अरघा से होगा सामान्य और कूपनधारी श्रद्धालुओं का जलार्पण
उपायुक्त ने बताया कि बाबा मंदिर के मंझला खंड में मुख्य अरघा स्थापित किया जाएगा। सामान्य कतार से आने वाले श्रद्धालु और कूपनधारी भक्त इसी अरघा के माध्यम से जलार्पण कर बाबा वैद्यनाथ के दर्शन करेंगे तथा निर्धारित निकास मार्ग से बाहर निकलेंगे। इससे भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और दर्शन प्रक्रिया अधिक सुगम बनेगी।
बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए बाह्य अरघा की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के निकास द्वार के समीप स्थित नीर कुंड के पास बाह्य अरघा भी लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों, असहाय श्रद्धालुओं तथा कम समय में जलार्पण करने की इच्छा रखने वाले भक्तों के लिए की गई है।प्रशासन के अनुसार बाह्य अरघा में अर्पित किया गया गंगाजल अत्याधुनिक पाइपलाइन के माध्यम से सीधे नीर कुंड होते हुए गर्भगृह में स्थापित बाबा वैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर पहुंचेगा।
सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण में सुलभ दर्शन और जलार्पण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गुमला // सदर प्रखंड क्षेत्र के घाघरा गुमला मुख्य रोड़ पर बांकी नदी पुल के समीप एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल के नीचे जा गिरा। जिसमें घटना में दो लोगों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी है। एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग आ रहे थे बाइक काफी तेज रफ्तार होने से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल के नीचे जा गिरा।
आनन फानन में एंबुलेंस बुलाकर तीनों को सदर अस्पताल गुमला भेजा गया। जहां पर चिकित्सक ने दो को मृत घोषित का दिया जबकि एक का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते टोटो थाना के एसआई गफ्फार अंसारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जप्त कर लिया है।
मार्केट मछली लेने के लिए जा रहा था
मृतकों की पहचान मंगरा उरांव 25 वर्षीय,चरकु उरांव 30 वर्ष व घायल 25 वर्षीय सूरज उरांव के रूप में हुवी है। तीनों बड़काडीह निवासी। घायल सूरज ने बताया कि तीनों ने मिलकर शराब का सेवन किया और खरका डेली मार्केट मछली लेने के लिए जा रहे थे।
तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गया व पिछला चक्का उठने से बाइक नदी में जा गिरा पीछे बैठा सूरज उरांव कूद कर अपनी जान बचाया। मोटरसाइकिल पुल के नीचे जा गिर गया। चरकु ने घटनास्थल में ही दम तोड़ दिया।जबकि मंगरा सदर अस्पताल में मृत घोषित। सूरज का इलाज चल रहा है।
देवघर // बाबा बैद्यनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ आज से हो रहा है। मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्था लागू की है। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक बाबा मंदिर के गर्भगृह में स्पर्श पूजा पूरी तरह बंद रहेगी।
इस अवधि में श्रद्धालु अर्घा व्यवस्था के माध्यम से भगवान शिव का जलार्पण करेंगे।
स्पर्श पूजा पर एक माह की रोक
श्रावणी मेले के दौरान प्रतिदिन लाखों कांवरियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने स्पर्श पूजा पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। श्रद्धालु मुख्य अर्घा के माध्यम से जल अर्पित करेंगे, जिससे दर्शन और जलार्पण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके।
प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग
भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए इस वर्ष मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के रास्तों को अलग-अलग किया गया है। सामान्य कतार और शीघ्रदर्शन कतार के श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी। इससे मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रहेगी।
शीघ्रदर्शन सुविधा का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित शुल्क के साथ अलग कतार बनाई गई है। वहीं बाह्य अर्घा से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, जहां पाइपलाइन के माध्यम से जल सीधे बाबा बैद्यनाथ को अर्पित होगा। मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं ताकि श्रद्धालु जलार्पण और दर्शन का सीधा दृश्य देख सकें।
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित कतार, सुरक्षा नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि सहयोग से ही करोड़ों श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिल सकेगी।
रांची। झारखंड स्टेट बार काउंसिल ने झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया को गति देते हुए तीन सदस्यीय चुनाव समिति को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। परिषद ने समिति को निर्देश दिया है कि नियमों के अनुरूप एक माह के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कर नए पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न कराया जाए।
चुनाव समिति को मिली जिम्मेदारी
बार काउंसिल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की आमसभा में गठित चुनाव समिति को परिषद ने मान्यता दे दी है। समिति में एस.एन. दास, संजय कुमार पांडेय और लोकेश कुमार को शामिल किया गया है। अब यही समिति मतदाता सूची तैयार करने, चुनाव कार्यक्रम घोषित करने और मतदान की प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी निभाएगी।
एडहॉक कमेटी करेगी सहयोग
परिषद ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान एडहॉक कमेटी चुनाव संपन्न होने तक चुनाव समिति को हरसंभव सहयोग करेगी। साथ ही समिति से समन्वय बनाकर एसोसिएशन के नियमित कार्यों का संचालन भी जारी रहेगा।
दो पर्यवेक्षक भी नियुक्त
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए झारखंड स्टेट बार काउंसिल ने अब्दुल कलाम रशीदी और रिंकू भक्त को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों पर्यवेक्षक चुनाव समिति के साथ समन्वय कर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जल्द जारी हो सकता है चुनाव कार्यक्रम
बार काउंसिल के निर्देश के बाद अब हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा जल्द होने की संभावना है। चुनाव समिति निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मतदान कराएगी और नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
राजकीय श्रावणी मेला, 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने क्यू कॉम्प्लेक्स, नेहरू पार्क, आईएमसीआर और शिवलोक परिसर का किया सघन निरीक्षण….
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संवेदकों पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त
देवघर // राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का सघन भौतिक निरीक्षण किया।
तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उपायुक्त ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर से लेकर महत्वपूर्ण होल्डिंग पॉइंट्स क्यू कॉम्प्लेक्स, नेहरू पार्क, आईएमसीआर (IMCR) और शिवलोक परिसर का देर रात भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
श्रावणी मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालु आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का एक अनूठा संगम एक ही स्थान पर अनुभव कर सकें : उपायुक्त
इसके अलावा निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नेहरू पार्क और क्यू कॉम्प्लेक्स में कांवरियों की कतार व्यवस्था (रूटलाइन) को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कतार में खड़े श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और भीड़ का दबाव बढ़ने पर होल्डिंग एरिया में पानी व बैठने की उचित व्यवस्था रहे। साथ ही सुरक्षा को लेकर आईएमसीआर का निरीक्षण कर मेला क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।
आगे उपायुक्त ने शिवलोक परिसर में बनाए जा रहे विशेष थीम का निरीक्षण किया, जहाँ श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा, विभिन्न पौराणिक स्थलों और आध्यात्मिक कथाओं से रूबरू हो सकेंगे। साथ ही उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व सवेंदक को ससमय कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धलुओं को आस्था का अद्भुत केंद्र में एक बेहतर अनुभूति प्राप्त हो।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “श्रावणी मेला में आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अगर किसी भी विभाग या संवेदक के कार्य में कोताही पाई गई, तो उनके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं पुलिस पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
देवघर// श्रावणी मेला, 2026 के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार आज जसीडीह रेलवे स्टेशन पर एक विशेष सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसके तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में आरपीएफ और अन्य सुरक्षा जवानों को फायर सेफ्टी (अग्निशमन सुरक्षा) से संबंधित विस्तृत व्याख्यान और मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी और अधिकारियों द्वारा जवानों को आग लगने के विभिन्न कारणों, आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तरीकों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
मॉक ड्रिल से परखी गई तैयारी
व्याख्यान के बाद स्टेशन परिसर में ही एक व्यावहारिक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें जवानों को अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguishers) को सही तरीके से संचालित करने, आग पर तुरंत काबू पाने और आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने (इवेकुएशन) का सजीव अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवघर और जसीडीह पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण से जवानों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम रहेंगे।
देवघर// राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने होटल संचालकों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए साथ ही होटल में ठहरने के लिए यात्रियों के लिए रेट चार्ट भी जारी किया गया। नीचे देखिए किस होटल का कितना किराया है।
देवघर // विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के मद्देनज़र उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने होटल संचालकों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने सभी होटल संचालकों को होटल के कमरों का रेट चार्ट प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, साफ-सफाई, स्वच्छता, जल निकासी, बिजली व्यवस्था और अग्निशमन उपकरण दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार एवं प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, होटल में ठहरने वाले प्रत्येक यात्री का आईडी प्रूफ और मोबाइल नंबर दर्ज करने तथा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिना लाइसेंस श्रावणी मेले में अस्थायी होटल या खाद्य सामग्री की बिक्री पर होगी कार्यवाही
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि बिना लाइसेंस श्रावणी मेले में अस्थायी होटल या खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी स्थायी प्रतिष्ठानों को भी अपना लाइसेंस अद्यतन रखने और बिल पर लाइसेंस नंबर अंकित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने होटल संचालकों से श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क ही लेने, जीएसटी नियमों का पालन करने, जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा है। 29 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर प्रशासन का विशेष जोर रहेगा।
देवघर // उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निदेशानुसार राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन एवं यहाँ आगंतुक श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए भोजन सामग्री का नियत दर एवं वर्तमान में सर्वेक्षित दर की तुलनात्मक समीक्षा की गयी। साथ ही समीक्षोपरांत वर्ष-2026 के श्रावणी मेला के लिए होटल एवं भोजनालय के भोजन सामग्री का निम्नांकित दर स्वीकृत किया गया।
खाद्य पदार्थों के मूल्य में सामान्य बढ़ोतरी की गयी सूची निम्न है
मारवाड़ी बासा भरपेट भोजन = 90.00 रू0 प्रति व्यक्ति
चावल प्लेन अच्छी किस्म (150 ग्राम चावल का भात)= 80.00 रू0 प्रति प्लेट
आलू परवल स्पेशल 90.00 रू0 प्रति प्लेट
मटर पनीर स्पेशल 180.00 रू0 प्रति प्लेट
आलू गोभी स्पेशल 130.00 रू0 प्रति प्लेट
पालक पनीर स्पेशल 160.00 रू0 प्रति प्लेट
पनीर बटर मशाला स्पेशल 170.00 रू0 प्रति प्लेट
रोटी (तन्दूरी) 15.00 रू0 प्रति पीस●रोटी (तन्दूरी) घी लगा हुआ 20.00 रू0 प्रति पीस
रोटी (साधारण) 07.00 रू0 प्रति पीस
रोटी (साधारण) घी लगा हुआ 12.00 रू0 प्रति पीस ●
सत्तु का पराठा 40.00 रू0 प्रति पीस●
सत्तु का पराठा (घी) 60.00 रू0 प्रति पीस ●
दाल प्लेन 60.00 रू0 प्रति प्लेट ●
दाल फ्राई 100.00 रू0 प्रति प्लेटअन्य होटल होटल में
उसना चावल, दाल, सब्जी, भुजिया, चटनी सहित (150 ग्राम चावल का भात) 80.00 रू0 प्रति प्लेट
अरवा चावल, दाल, सब्जी, भुजिया, चटनी सहित (150 ग्राम चावल का भात) 80.00 रू0 प्रति प्लेट
अन्य भोजनालय 80.00 रू0 भरपेट भोजन इसके अलावा
उपरोक्त दर निर्धारण के उपरांत सभी रेस्टुरेन्ट/भोजनालयों एवं होटल के मालिकों को निम्नांकित निदेश दिया गया
1.सभी रेस्टुरेन्ट/भोजनालयों एवं होटल मालिक अपने दुकानों में समुचित खाने की सामग्रियों को उपलब्ध रखेंगे जो उत्तम किस्म की स्वच्छ एवं स्वास्थ्यप्रद हो।
2.जहाँ से खाद्य सामग्री क्रय करेंगें उस प्रतिष्ठान/दुकान का अभिश्रव (कैशमैमो) निश्चित रूप से दुकान में उपलब्ध रखेंगे।
3.जो दर निर्धारित किया गया वह अधिकतम दर होगा। निर्धारित मूल्य तालिका प्रत्येक दुकान के सामने (सुलभ दृष्टिगोचर स्थान पर) प्रकाशित करना सुनिश्चित करेंगे।
4.अपने-अपने प्रतिष्ठान/दुकानों का रसोई घर साफ एवं स्वच्छ रखते हुए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
5.Expiry Date का कोई भी सामान/बिस्कुट वगैरह बिक्री नहीं करेंगे।
6. भोजन के साथ शुद्ध पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था करेंगे। Pakaged Water मांगने पर उचित दर पर उपलब्ध करायेंगेे।
7. कोई भी होटल/भोजनालय खाद्य सामग्रियों के दर का निर्धारण गुणवत्ता के अनुसार निर्धारित करेंगे।
8. बिहार, बंगाल, बनारस एवं अन्य जगहों से आने वाले खोवा के गुणवत्ता जाँच के पश्चात ही बिक्री करना सुनिश्चित करेंगे।
9. सामान्य रूप से रेस्टोरेंट को जी.एस.टी. की नई दर लेने का निदेश दिया गया।
10. यदि रेस्टोरेंट पूर्णतः वातानुकूलित हैं, ऐसी स्थिति में जी.एस.टी. की नई दर लेने का निदेश दिया गया।
11. जहाँ अस्थायी होटल होगा वहाँ शौचालय एवं पानी निकासी की व्यवस्था आस-पास होनी चाहिए।
12. सभी अपने-अपने होटलों में डस्टबीन एवं पानी निकासी (आउटलेट) की व्यवस्था रखेंगे एवं डस्टबीन की नियमित रूप से साफ-सफाई करेंगे एवं रास्ते में कूड़ा-कचरा नहीं फेकेगे।
13. होटल/भोजनालय के मुख्य स्थान के साथ प्रवेश द्वार पर सी0सी0टी0भी0 कैमरा लगवाना सुनिश्चित करेंगे।
14. होटल/अस्थायी भोजनालयों के बाहर अगर व्चमद नाला हो तो उसमें Bleaching Powder का छिड़काव नियमित रूप से करेंगे।
15. संबंधित प्रभावी अधिनियमों/नियमावली एवं उसके अंतर्गत निर्गत अधिसूचनाओं तथा सरकारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।
16. घरेलू गैस सिलिन्डर का प्रयोग नहीं करेंगे। व्यवसायियों के लिए पर्याप्त मात्रा में व्यवसायिक गैस उपलब्ध रहेगा।
17. अग्निशामक यंत्र की व्यवस्था रखेंगे।
18. सभी स्थायी/अस्थायी दुकानदार दुकान खोलने से संबंधित अनुज्ञप्ति खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, देवघर में ऑन-लाईन आवेदन देकर नवीकरण/अनुज्ञप्ति प्राप्त करना निश्चित रूप से सुनिश्चित करेंगे, अन्यथा Food Safety and Standard Act 2006, Regulation 2011 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत् कठोर कार्रवाई की जायेगी।
दुमका // जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के जामजुड़ी गांव में कथित अवैध संबंध के शक में एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बड़ा चपूड़िया गांव निवासी जॉन देवराज दत्ता (40 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी सुभाष मुर्मू को अपनी पत्नी और मृतक के बीच कथित अवैध संबंध होने का संदेह था।
दोनों एक रिश्तेदार के घर ठहरे हुए थे
बताया जाता है कि शुक्रवार रात दोनों एक रिश्तेदार के घर ठहरे हुए थे। शनिवार तड़के जब देवराज दत्ता सो रहे थे, तभी आरोपी ने कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवराज को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता डॉ. बिराज तरुण कुमार दत्ता के लिखित आवेदन पर मसलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
देवघर // राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ से पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज (Foot Over Bridge) का सफल परीक्षण किया गया।
परीक्षण के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ ओवरब्रिज का परीक्षण संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना तथा अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित और सुगम मार्ग
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जिला प्रशासन बाबाधाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि श्रावणी मेले और सामान्य दिनों में भारी भीड़ को देखते हुए कतार प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नया फुट ओवरब्रिज श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के सुरक्षित तरीके से मंदिर प्रांगण तक पहुंचने में मदद करेगा। इससे भीड़ का दबाव कम होगा और जाम व भगदड़ जैसी संभावित स्थितियों से बचाव संभव हो सकेगा।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और प्रभावी
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह फुट ओवरब्रिज अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके चालू होने से सुरक्षा बलों को कतार नियंत्रित करने में आसानी होगी तथा भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। साथ ही असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कर सकेंगे।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री, स्थानीय पुरोहित समाज के प्रतिनिधि, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता भी उपस्थित रहे।